कोरबा (आईपी न्यूज)। कोरबा जिले में स्थित नगर पंचायत छुरीकला में कांग्रेस पार्षद नीलम देवांगन ने निर्विरोध जीत हासिल कर अध्यक्ष पद का ओहदा हासिल किया, लेकिन बहुमत के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी को उपाध्यक्ष के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस पार्षद के एक वोट के क्रास हो जाने से यह स्थिति निर्मित हुई। दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि आंतरिक समझौते के तहत ऐसा किया गया। अध्यक्ष बनने वाली नीलम निवर्तमान अध्यक्ष अशोक देवांगन की पत्नी हैं।
सोमवार को जिले के नगर पंचायत छुरीकला और पाली में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के लिए चुनाव हुआ। दोनों की नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस उम्मीदवार को निर्विरोध जीत मिली। इधर, छुरी में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। कांग्रेस ने वार्ड क्रमांक से जीत हासिल करने वाले हीरालाल यादव को उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया था। भाजपा ने वार्ड क्रमांक से पार्षद बने हीरानंद पंजवानी को उम्मीदवार घोषित किया था। माना जा रहा था कि उपाध्यक्ष पद भी कांग्रेस के खाते में जाएगा, लेकिन परिणाम भाजपा के पक्ष में गया। श्री पंजवानी ने 8 वोट के साथ जीत हासिल कर उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। कांग्रेस उम्मीदवार को 7 वोट मिले, जबकि पार्टी के 8 पार्षद थे। कांग्रेस का एक वोट भाजपा उम्मीदवार को पड़ा। पार्षद चुनाव में भाजपा के 5 उम्मीदवार ही जीतकर आए थे। 15 वार्डों वाले नगर पंचायत में कांग्रेस के 8 उम्मीदवारों ने जीत प्राप्त की थी। भाजपा के 5 प्रत्याशी ही चुनाव जीत सके थे। 2 वार्डों से निर्दलीय जीतकर आए। एक निर्दलीय देवेन्द्र देवांगन ने भाजपा प्रवेश कर लिया था। इस तरह भाजपा पार्षदों की संख्या 6 पर पहुंच गई थी। इधर, बताया जा रहा है कि एक आंतरिक समझौते के तहत उपाध्यक्ष पद पर भाजपा को जीत दिलाई गई है।

  • Website Designing