भोपाल। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने आज यहाँ मध्यप्रदेश सरकार द्वारा तैयार ‘विजन टू डिलीवरी रोड मैप 2020-25’ दस्तावेज का विमोचन करते हुए इसे मध्यप्रदेश की जनता की आकांक्षाओं और प्राथमिकताओं का दस्तावेज बताया।  उन्होंने  प्रदेश की त्वरित आर्थिक समृद्धि और विकास के लक्ष्यों को पूरा करने में विचारों की स्पष्टता और प्रतिबद्धता के लिए मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ की प्रशंसा की। डॉ. सिंह ने लोगों के आर्थिक विकास और समृद्धि लाने के लिए एक साल के कम समय में उठाए गए कदमों के लिए बधाई दी। मुख्य रूप से उद्योग के साथ मिलकर रोजगार के नये अवसरों का निर्माण करने की सराहना की। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्नर्मदा प्रसाद प्रजापति एवं वित्त मंत्री श्री तरूण भनोत सहित मंत्रिमंडल के सदस्य विधायक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

सरकार के काम की गवाह है मध्यप्रदेश की जनता : मुख्यमंत्री  कमल नाथ

मुख्यमंत्री  कमल नाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे 10 साल तक डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में केन्द्रीय मंत्री-मंडल में काम करने का सौभाग्य मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार व़िजन की सरकार है, टेलीविजन की नहीं। हमारे कामकाज का जो भी सर्टिफिकेट मिले, वह जनता से मिले, प्रचार-प्रसार के आधार पर नहीं। यही कारण हैकि हमने दढ़ इच्छाशक्ति के साथ 365 दिन में वचन पत्र के 365 बिन्दुओं को पूरा किया। इसकी गवाह मध्यप्रदेश की जनता है।

स्व. डॉ. अब्दुल जब्बार को इंदिरा गांधी समाज सेवा पुरस्कार

डॉ. मनमोहन सिंह ने गैस पीड़ित महिलाओं के कल्याण के लिए  समर्पित गैस पीड़ित महिला उद्योग संगठन के संयोजक स्वर्गीय डॉक्टर अब्दुल जब्बार को मरणोपरांत राज्य सरकार के प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी समाज सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया। स्वर्गीय अब्दुल जब्बार की धर्मपत्नी श्रीमती सायरा बानो ने पुरस्कार ग्रहण किया। इस पुरस्कार में दस लाख रूपये की राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाता है।

मुख्य सचिव एसआर मोहंती ने सरकार का एक साल पूरा होने पर उठाए गए कल्याणकारी कदमों और निर्णयों का उल्लेख करते हुए लोगों के विकास के लिए तैयार किए गए विजन टू डिलीवरी 2020-25 की विशेषताओं की चर्चा की। अपर मुख्य सचिव योजना  मोहम्मद सुलेमान ने आभार व्यक्त किया।

  • Website Designing