कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा के पूर्व स्पीकर नाना एफ. पटोले को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। विदर्भ क्षेत्र से आने वाले पटोले ने वरिष्ठ नेता और राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात की जगह ली। पटोले के अलावा, कांग्रेस ने एक बड़े फेरबदल में 6 कार्यकारी अध्यक्ष, 10 उपाध्यक्ष और संसदीय बोर्ड के 37 सदस्यों की भी नियुक्ति की है।

एक दिन पहले गुरुवार को 57 वर्षीय नाना पटोले ने महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर पद से इस्तीफा दे दिया था। सीएम उद्धव ठाकरे और डिप्टी सीएम अजीत पवार से मुलाकात के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा डिप्टी स्पीकर नरहरी जिरवाल को सौंपा था। जिसके बाद उन्हें महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा थी।

महाराष्ट्र में 2019 के नवंबर में एनसीपी, शिवसेना और कांग्रेस की महाविकास अघाडी सरकार में कांग्रेस के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बाला साहेब थोरात को राजस्व मंत्री बनाया गया था। उसके बाद से ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और संगठन में बदलाव की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन 2020 शुरू होते ही कोरोना माहामारी के आने के चलते ये बदलाव नहीं हो सका था।

  • Website Designing