bjp_vs_congress
bjp_vs_congress

 

कोरबा (आईपी न्यूज)। नगर पालिक निगम, कोरबा के 67 वार्डों के लिए हुए चुनाव में 31 पर जीत हासिल कर भाजपा ने बढ़त जरूर बनाई, लेकिन 34 के जादुई आंकड़े पर पहुंचने के खेल में फिलहाल कांग्रेस आगे नजर आ रही है। इधर, अपने नवनिर्वाचित पार्षदों कोे टूट और कांग्रेसियों की नजर से बचाने के लिए पार्टी उन्हें लांग टूर पर ले जाने की तैयारी कर रही है। सूत्रों की मानें तो भाजपा सभी 31 पार्षदों को बनारस की यात्रा करा सकती है। इसके लिए लक्जरी बस का बंदोबस्त किया गया है। बताया है गया है कि इस यात्रा के लिए सभी को एकजुट किया जा रहा है। ऐसी सूचना है कि शुक्रवार को लांग टूर के लिए रवानगी ली जाएगी। हालांकि इसको लेकर पार्टी का कोई भी व्यक्ति कुछ नहीं कह रहा है। कांग्रेस की मेयर पद पर काबिज होने की तैयारी को देखकर भाजपा नेता थोड़ा सकते में हैं। दूसरी ओर भाजपा यह दावा कर रही है कि उसे निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिल रहा है और पार्टी अपना महापौर बनाएगी। यहां बताना होगा कि भाजपा को बहुमत के लिए 3 और पार्षदों की आवश्यकता है।
रात में भाजपा ने डोरे डाले, सुबह कांग्रेस पर जतायी कृपा
भाजपा के नेताओं ने परिणाम आने दूसरे दिन कहा था कि उन्हें तीन निर्दलियों का समर्थन मिल गया है। इनमें वार्ड क्र. 40 के निर्दलीय पार्षद कृपाराम साहू भी शामिल थे। तीसरे दिन सुबह कृपाराम कांग्रेस पर कृपा करते नजर आए। उनके साथ दो और निर्दलीय पार्षदों ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस तरह से कांग्रेस ने अपनी संख्या 26 से 29 कर ली। बताया गया है कि एक और निर्दलीय पार्षद पार्टी के संपर्क में है। इसके अलावा माकपा भी कांग्रेस को समर्थन दे सकती है। छजकां के दो में से एक पार्षद का समर्थन मिलना भी लगभग तय बताया जा रहा है। बहरहाल इस खेल में अभी कई मोड़ आएंगे।

  • Website Designing