नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहली बैठक की अध्यक्षता की। पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पार्टी जनसेवा और देश की उन्नति का संकल्प पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि लोगों को संगठन की विचारधारा से जोड़ कर नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।

आज शाम पत्रकारों से बातचीत में पार्टी महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि बैठक में कई विषयों पर विचार विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि किसान जागरण अभियान को लोगों तक ले जाया जाएगा और उन्हें बताया जाएगा कि कांग्रेस राजनीतिक स्वार्थ के लिए कृषि सुधार कानूनों का किस तरह विरोध कर रही है। श्री गौतम ने कहा कि संकट की घड़ी में सभी पार्टियां और उनके कार्यकर्ता अपने घरों में बैठे रहे, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में भाजपा का समूचा संगठन लोगों के साथ जुड़़ा रहा। श्री गौतम ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों को श्रमिक सुधारों के बारे में बताएगी। उन्होंने कहा कि नए श्रम कानूनों के साथ महिलाओं को समान अधिकार, पारिश्रमिक, चिकित्सा सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा मिलेगी तथा इसमें असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को भी पेंशन का आश्वासन दिया गया है।

भाजपा महासचिव ने कहा कि आगामी बिहार विधानसभा तथा विभिन्न राज्यों में होने वाले उपचुनावों के बारे में भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। श्री गौतम ने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार विधानसभा चुनावों और उप चुनावों में विजयी रहेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए भारी बहुमत के साथ बिहार में सरकार बनाएगी।

  • Website Designing