नागपुर, 6 मई। बुधवार को वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (अतिरिक्त प्रभार) हरीश दुहान ने नागपुर क्षेत्र की अमेल्गेमेटेड इंदर कामठी ओपन कास्ट खदान के साथ गोंडेगांव खदान एवं नागपुर क्षेत्र में स्थित ट्यूब कन्वेयर प्रणाली का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने खदानों की वर्तमान परिचालन स्थिति एवं भविष्य की विस्तार योजनाओं का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने उत्पादन क्षमता में वृद्धि, परिचालन दक्षता में सुधार तथा सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए, साथ ही “शून्य हानि” (Zero Harm) और पर्यावरणीय प्रतिबद्धता पर विशेष जोर दिया।
श्री दुहान ने खदान की मानसून तैयारियों की भी समीक्षा की, जिसमें वर्षा ऋतु के दौरान संभावित बाधाओं को न्यूनतम करने और संचालन की निरंतरता बनाए रखने के उपायों का मूल्यांकन किया गया।
इसके अतिरिक्त, कोयला प्रेषण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण पर भी चर्चा हुई, जिससे लॉजिस्टिक्स एवं आपूर्ति श्रृंखला की दक्षता बढ़ाई जा सके। इस दौरान उन्होंने MAHAGENCO के अधिकारियों से संवाद कर पर्यावरण अनुकूल कोयला प्रेषण को बढ़ाने पर बल दिया तथा लॉजिस्टिक्स को अधिक दक्ष एवं सतत बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी सराहना की तथा तकनीकी भूमिकाओं में सहभागिता बढ़ाने हेतु प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक हर्षद दातार, WCL के महाप्रबंधक (उत्पादन) जयंत अलकारी, महाप्रबंधक (कॉर्पोरेट अफेयर्स) जी. अनिल, एवं नागपुर क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









