कोरबा, 13 जुलाई (IndustrialPunch Desk) : केंद्र सरकार के प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (PMG), कैबिनेट सचिवालय के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को एसईसीएल (SECL) की कुसमुंडा परियोजना का दौरा कर भूमि अधिग्रहण (Land Acquisition) एवं पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (Rehabilitation & Resettlement – R&R) से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
इसे भी पढ़ें: SECL के निदेशक महापात्रा ने रायगढ़ क्षेत्र का किया दौरा, उत्पादन और मानसून तैयारियों की समीक्षा
प्रतिनिधिमंडल में आनंद शर्मा (लीड – पॉलिसी एवं पीएमओ एंगेजमेंट्स, पीएमजी), आकृति लाल (सेंट्रल ज़ोन, पीएमजी), अंजलि गुप्ता (सेंट्रल ज़ोन, पीएमजी) शामिल थीं। उनके साथ कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम कटघोरा तथा जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
कुसमुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक सचिन टी. पाटिल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस अवसर पर एक विस्तृत प्रस्तुति के माध्यम से भूमि अधिग्रहण की वर्तमान स्थिति, पात्र भू-स्वामियों एवं भू-धारकों को दिए गए मुआवजे एवं अन्य लाभों तथा पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन कार्यों की प्रगति से अवगत कराया गया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने खमरिया आरएंडआर (R&R) साइट का निरीक्षण किया, जहां पाली और खोदरी गांवों के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था विकसित की जा रही है। अधिकारियों ने यहां चल रहे आधारभूत विकास कार्यों की समीक्षा की और परियोजना प्रभावित परिवारों के सुगम एवं समयबद्ध पुनर्वास पर विशेष जोर दिया। साथ ही शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने और पुनर्स्थापन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
प्रतिनिधिमंडल ने 14 नंबर डंप आरएंडआर साइट का भी निरीक्षण किया, जहां जटराज गांव के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है। निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वृक्षारोपण अभियान में भी भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इसे भी पढ़ें: क्या Coal India में भी होना चाहिए सीक्रेट बैलेट से यूनियन चुनाव? क्या अब लेबर कोड के अनुरूप बदलाव का समय आ गया है?
इस अवसर पर एसईसीएल के महाप्रबंधक (परियोजना एवं योजना) रितेश सोबती सहित कुसमुंडा क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









