धनबाद | IndustrialPunch : सीसीएल (CCL) के उरीमारी स्थित यूनियन कार्यालय में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन (INTUC) की सीसीएल रीजन एवं क्षेत्रीय कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष श्यामल सरकार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष एवं बेरमो विधायक अनूप सिंह तथा बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद मौजूद रहीं।
बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार, मजदूरों की समस्याओं, विस्थापितों के मुद्दों और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई।
इसे भी पढ़ें: SECL गेवरा- दीपका में BMS की बढ़ी ताकत, कोयला श्रमिक सभा के कई कामगार हुए शामिल
दिवंगत मजदूर नेताओं को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत कोयला कर्मियों एवं मजदूर साथियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद केंद्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह ने दिवंगत मजदूर नेता स्वर्गीय निर्मल यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्वर्गीय राजेंद्र बाबू और स्वर्गीय दिलीप यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भी याद किया।
सदस्यता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्षेत्र सम्मानित
बैठक में वर्ष 2025 में CCL में सदस्यता के क्षेत्र में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले क्षेत्रों को सम्मानित किया गया।
- ढोरी क्षेत्र — प्रथम स्थान
- कुजू क्षेत्र — द्वितीय स्थान
- हजारीबाग क्षेत्र — तृतीय स्थान
केंद्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह ने बेहतर सदस्यता प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
“सदस्यता ही हमारी ताकत”
रीजनल सचिव महेश सिंह ने संगठन को केवल संगठन नहीं बल्कि एक परिवार बताया। उन्होंने कहा कि इंटक नेताओं ने कोल इंडिया के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और अब कंपनी की मजबूती तथा अस्तित्व को बनाए रखना श्रमिक संगठनों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मजदूर हित में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “सदस्यता ही हमारी ताकत है और मजदूरों की सेवा करना ही हमारा धर्म है।”
महेश सिंह ने यह भी कहा कि जिन पदाधिकारियों ने संगठन में पद प्राप्त किया है लेकिन संगठन के लिए पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं, उन्हें अपने पद से हटने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पद संगठन से बड़ा नहीं हो सकता।
मजदूर समस्याओं और विस्थापन के मुद्दों पर चर्चा
स्वागत भाषण में क्षेत्रीय सचिव राजू यादव ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर शाखा अध्यक्षों एवं सचिवों के साथ नियमित संवाद किया जाएगा। उन्होंने संगठन से जुड़े मामलों के समाधान के साथ-साथ विस्थापितों की समस्याओं को लेकर भी सक्रियता से काम करने की बात कही।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों के अध्यक्षों एवं सचिवों ने संगठन की गतिविधियों, सदस्यता विस्तार और मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अपने विचार और सुझाव रखे।
सेवानिवृत्त कार्यकर्ताओं का सम्मान
बरका-सयाल क्षेत्र से सेवानिवृत्त हुए संगठन के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को केंद्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह ने शॉल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। संगठन ने मजदूर हित में उनके लंबे योगदान को याद किया।
कई कोयला कर्मियों ने ग्रहण की सदस्यता
बैठक के दौरान बरका-सयाल क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं से कई कोयला कर्मियों ने राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। संगठन के अनुसार, ये कर्मचारी यूनियन की रीति-नीति और नेतृत्व से प्रभावित होकर संगठन से जुड़े।
केंद्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की विचारधारा और मजदूर हितों के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इसे भी पढ़ें: उकनी के किसानों का संघर्ष रंग लाया? WCL CMD ने गांव पहुंचकर सुनी पीड़ा
अनूप सिंह ने राजनीतिक मुद्दों पर भी रखी बात
मुख्य अतिथि अनूप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इंटक कोयला कर्मियों के अधिकार, सुविधाओं और सम्मान के लिए लगातार आवाज उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन मजदूर हितों के साथ समझौता नहीं करेगा।
उन्होंने मजदूरों, किसानों, जवानों और युवाओं के हितों को केंद्र में रखते हुए राजनीतिक बदलाव का आह्वान किया तथा कांग्रेस की सरकार बनाने की बात कही। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आने वाले समय के लिए एकजुट और मजबूती से तैयार रहने का आह्वान किया।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









