नई दिल्ली। IndustrialPunch : कोयला क्षेत्र की प्रमुख कंपनी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने का रास्ता एक कदम और आगे बढ़ गया है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने MCL के प्रस्तावित इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के ड्राफ्ट दस्तावेजों पर 4 नवंबर 2026 को अपनी अंतिम टिप्पणियां जारी कर दी हैं। इसके साथ ही कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) की अपनी इस अनुषंगी कंपनी में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की योजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।
MCL के प्रस्तावित IPO में कोल इंडिया अधिकतम 66,18,36,300 इक्विटी शेयर यानी करीब 66.18 करोड़ शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के माध्यम से बेचेगी। यह कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 10 प्रतिशत है।
IPO से MCL को नहीं मिलेगी नई पूंजी
MCL का प्रस्तावित IPO पूरी तरह OFS आधारित होगा। इसका मतलब है कि इसमें कंपनी नए शेयर जारी करके पूंजी नहीं जुटाएगी, बल्कि मौजूदा प्रमोटर कोल इंडिया अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा निवेशकों को बेचेगी।
इसलिए शेयरों की बिक्री से मिलने वाली पूरी रकम कोल इंडिया लिमिटेड को प्राप्त होगी। MCL को इस IPO से सीधे कोई राशि नहीं मिलेगी। हालांकि, शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से कंपनी को सार्वजनिक बाजार में पहचान, पारदर्शिता और निवेशकों के लिए शेयरों में कारोबार का अवसर मिलेगा।
देश की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक अनुषंगी कंपनी है MCL
ओडिशा स्थित महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1992 में हुई थी। यह कोल इंडिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक अनुषंगी कंपनी है।
वित्त वर्ष 2025-26 में MCL ने 218.31 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया था। कंपनी का उत्पादन देश के कुल नॉन-कोकिंग कोयला उत्पादन का लगभग 22.4 प्रतिशत और कोल इंडिया के कुल उत्पादन का करीब 28 प्रतिशत रहा।
कंपनी के पास ओडिशा में बड़े कोयला भंडार और खनन परियोजनाएं हैं। इसके प्रमुख परिचालन क्षेत्रों में तालचर और आईबी वैली शामिल हैं। देश की बिजली जरूरतों को पूरा करने में भी MCL की महत्वपूर्ण भूमिका है।
IPO से पहले DRHP दाखिल कर चुकी है कंपनी
MCL ने सितंबर 2026 में SEBI के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया था। इसमें प्रस्तावित IPO के तहत 66.18 करोड़ शेयरों की बिक्री का विवरण दिया गया है।
SEBI की अंतिम टिप्पणियां मिलने के बाद कंपनी IPO की अगली तैयारियां आगे बढ़ा सकती है। हालांकि, IPO की वास्तविक तारीख, प्राइस बैंड और निवेशकों के लिए सब्सक्रिप्शन की समयसीमा की घोषणा अभी नहीं हुई है।
Coal India की सहायक कंपनियों की लिस्टिंग योजना
MCL का IPO कोल इंडिया की अपनी प्रमुख अनुषंगी कंपनियों को पूंजी बाजार में सूचीबद्ध कराने और उनमें हिस्सेदारी के मूल्य को सामने लाने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
इससे पहले कोल इंडिया की दो अन्य अनुषंगी कंपनियां भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) और सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (CMPDI) भी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो चुकी हैं। अब MCL और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की प्रस्तावित लिस्टिंग पर बाजार की नजर है।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here









