एबीपी- सी वोटर सर्वे : पंजाब में AAP नंबर-1, कांग्रेस की वापसी मुश्किल, बीजेपी हो सकती है 0 पर आउट

पंजाब के साथ- साथ अगले साल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी को लेकर एबीपी और सी वोटर ने इन पांच राज्यों के लिए तीसरी बार यह सर्वे कराया है

5 राज्यों में होने जा रहे आगामी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर एबीपी सी वोटर का तीसरा सर्वे सामने आया है। नवीनतम सर्वे में भी सितंबर और अक्टूबर महीने में आये सर्वे की तरह ही पंजाब में आम आदमी पार्टी को सबसे अधिक सीट जितने का अनुमान लगाया गया है, लेकिन साथ ही सर्वे के अनुमानों की माने तो आम आदमी पार्टी को राज्य में मौजूदा सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस से कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है।

पंजाब के साथ- साथ अगले साल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी को लेकर एबीपी और सी वोटर ने इन पांच राज्यों के लिए तीसरी बार यह सर्वे कराया है।

आम आदमी पार्टी अब भी सबसे आगे

केंद्रीय कृषि कानूनों को लेकर बीजेपी के खिलाफ पंजाब में लहर और पंजाब कांग्रेस के अंदरूनी कलह का लाभ सबसे ज्यादा अरविन्द केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को होता दिख रहा है।

हालांकि लगातार तीसरे सर्वे में उसके अनुमानित सीट में कमी आई है। सितंबर में आए सर्वे रिजल्ट में इसके 51 से 57 सीट जीतने का अनुमान लगाया गया था। अक्टूबर में आये दूसरे सर्वे के अनुसार आप को 49 से 55 सीटें मिल सकती थीं जबकि नवीनतम और तीसरे सर्वे में इसको 47 से 53 सीट जीतने का अनुमान लगाया गया है।

कांग्रेस के लिए राह मुश्किल

2017 के चुनाव में कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में 77 सीट जीतने वाली कांग्रेस पार्टी को 31 सीट के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। यानी सर्वे की माने तो अब चरणजीत सिंह के नेतृत्व वाली सत्ताधारी कांग्रेस को 42 से 50 सीट जीतने का अनुमान है। कांग्रेस को वोट शेयर में भी 3.6 प्रतिशत का नुकसान हो सकता है।

पंजाब में बीजेपी हो सकती है 0 पर आउट

एबीपी- सी वोटर के तीसरे सर्वे के अनुसार बीजेपी के लिए पंजाब में खाता खोलना भी मुश्किल दिख रहा है। 2017 में 3 सीट जीतने वाली बीजेपी को 0 से 1 सीट पर जीत का अनुमान लगाया गया है।

साथ ही सर्वे में अकाली दल के 16 से 24 सीट जीतने का अनुमान है। केंद्र सरकार में कृषि कानूनों के मुद्दे पर एनडीए गठबंधन के अलग हो चुकी अकाली दल के लिए 2017 के नतीजों के अपेक्षा बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई है। गौरतलब है कि 2017 में अकाली दल को 15 सीट पर जीत मिली थी।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing