विधानसभा उपचुनाव : उत्तराखंड सीएम धामी की प्रचंड विजय, केरल में कांग्रेस एवं ओडिशा में बीजेडी को जीत मिली

उत्तराखंड, केरल एवं ओडिशा राज्य की तीन सीटों के लिए हुए विधानसभा उपचुनाव का परिणाम आ गया है। उत्तराखंड में भाजपा, केरल में कांग्रेस और ओडिशा में बीजू जनता दल को जीत मिली है।

नई दिल्ली, 03 जून। उत्तराखंड, केरल एवं ओडिशा राज्य की तीन सीटों के लिए हुए विधानसभा उपचुनाव का परिणाम आ गया है। उत्तराखंड में भाजपा, केरल में कांग्रेस और ओडिशा में बीजू जनता दल को जीत मिली है।

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत विधानसभा उपचुनाव में 55 हजार 25 मतों के रिकॉर्ड अंतर से प्रचंड जीत दर्ज की है। श्री धामी ने कांग्रेस की अपनी प्रतिद्वंद्वी सुश्री निर्मला गहटोदी को हराया। ये उपचुनाव भाजपा विधायक कैलाश चंद्र गहटोदी के इस्तीफे के कारण कराया गया। कांग्रेस उम्मीदवार को तीन हजार 233 मत मिले।

ओडिशा में ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव में बीजू जनता दल की अलका मोहंती ने कांग्रेस प्रत्याशी किषनचन्द्र पटेल को 66 हजार 122 मतों के अंतर से हराया। अलका को 93 हजार 953 वोट मिले। भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार राधारानी पांडा को 22 हजार 630 मत मिले।

केरल में, थ्रीक्काकारा विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस (यूडीएफ) की उम्मीदवार उमा थॉमस ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा-एलडीएफ के डॉ जो जोसेफ को 25 हजार 16 वोटों के अंतर से हराया। सुश्री थॉमस को 72 हजार 770 वोट मिले, जबकि डॉ. जोसेफ को 47 हजार 754 मत मिले। एनडीए की ओर से भाजपा उम्मीदवार ए एन राधाकृष्णन को 12 हजार 957 वोट मिले।

विधायक पीटी थॉमस के निधन के बाद यहां उपचुनाव कराना पड़ा। संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा ने पीटी थॉमस की पत्नी उमा थॉमस को इस निर्वाचन क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया था।

इस जीत से 140 सदस्यीय राज्य विधानसभा में यूडीएफ की कुल संख्या 41 हो जाएगी।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing