election commission
election commission

चंड़ीगढ़, 06 जून। पंजाब में संगरूर लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए आज नामांकन के अंतिम दिन विभिन्‍न पार्टियों के उम्‍मीदवारों ने पर्चे दाखिल किये।

भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार केवल सिंह ढिल्लों ने, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ और अन्य की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

भाजपा ने बरनाला के 72 वर्षीय पूर्व विधायक श्री ढिल्लों को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। वह शनिवार को भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर संगरूर से 2007 और 2012 का चुनाव जीता था।

कांग्रेस के उम्‍मीदवार दलवीर सिंह गोल्डी ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया है। हाल के चुनावों में संगरूर के पूर्व विधायक श्री गोल्‍डी मुख्यमंत्री भगवंत मान से हार गए थे।

शिरोमणि अकाली दल बादल की उम्मीदवार कमलदीप कौर ने भी आज पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने पंजाब के मुख्यमंत्री के करीबी गुरमेल सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। इन्होंने पहले ही अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया था।

संगरूर लोकसभा उपचुनाव सांसद भगवंत मान के इस्तीफे के कारण हो रहा है, जो अब पंजाब के मुख्यमंत्री हैं। नामांकन पत्रों की जांच कल होगी।

मतदान 23 जून को होगा और मतगणना 26 जून को होगी।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing