कोरबा, 8 मई। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के नवनियुक्त निदेशक तकनीकी अरुण कुमार त्यागी की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे डीटी के पद पर ज्वाइनिंग देने के लिए कोरबा से सिंगरौली के लिए रवाना हुए थे।
बताया गया है कि अरुण कुमार त्यागी गुरुवार की आधी रात को अपनी इनोवा कार से गेवरा, कोरबा सिंगरौली जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान कोरबा- चोटिया मार्ग पर चोटिया के पास उनकी कार की एक माल वाहक वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। कार उनका चालक कैलाश अहीर चला रहा था। कैलाश भी इस घटना में घायल हुआ है। चालक के अनुसार गलत दिशा से आ रहे एक वाहन से बचने के दौरान माल वाहक ने कार को टक्कर मार दी। कार में पत्नी सीमा भी सवार थीं।
हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार की भोर 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अरुण कुमार त्यागी गुरुवार एसईसीएल (SECL) गेवरा एरिया में महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। हाल ही उन्हें नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में निदेशक तकनीकी के पद पर पदोत्ति मिली थी।
अरुण कुमार त्यागी के निधन की खबर से कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें कुशल प्रशासक और सौम्य व्यक्तित्व का अधिकारी बताते हुए श्रद्धांजलि दी।
अरुण कुमार त्यागी मूलतः मेरठ उत्तर प्रदेश के निवासी थे। उनकी दो बेटियां हैं और एक बेटा, जो बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं

एसईसीएल प्रबंधन ने जारी किया शोक संदेश
श्री अरुण कुमार त्यागी पूर्व एरिया जीएम, गेवरा एरिया तथा निदेशक (तकनीकी), एनसीएल हेतु अनुशंसित, के आकस्मिक निधन पर साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड परिवार की ओर से भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
एनसीएल प्रबंधन ने जारी किया शोक संदेश
एनसीएल परिवार, एनसीएल एवं एसईसीएल के पूर्व महाप्रबंधक तथा एनसीएल के नामित निदेशक (तकनीकी) श्री अरुण कुमार त्यागी के आकस्मिक निधन पर गहन शोक व्यक्त करता है। कोयला उद्योग में उनकी समर्पित सेवाएं एवं अमूल्य योगदान सदैव आदरपूर्वक स्मरण किए जाएंगे। इस मुश्किल घड़ी में एनसीएल परिवार की संवेदनाएं एवं प्रार्थनाएं शोकसंतप्त परिजनों एवं प्रियजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









