कोरबा, 24 जनवरी। अदाणी समूह (Adani Group) के चेयरमैन गौतम अदाणी (Gautam Adani) छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे समूह के रायपुर, कोरबा और रायगढ़ स्थित विद्युत संयंत्रों का जायजा लेंगे।
जानकारी के अनुसार गौतम अदाणी 25 जनवरी की देर शाम रायपुर पहुंचेंगे। बताया गया है कि चेयरमैन गौतम अदाणी 26 जनवरी को रायपुर जिले में स्थित अदाणी पॉवर लिमिटेड (Adani Power Limited) के संयंत्र का दौरा करेंगे। यहां 1370 मेगावाट क्षमता वाला थर्मल प्लांट प्रचालन में हैं। इस संयंत्र का विस्तार कर 2970 मेगवाट किया जाना है।
रायपुर के बाद गौतम अदाणी मध्यप्रदेश के अनूपपुर में 2400 मेगावाट क्षमता वाले संयंत्र का निरीक्षण करेंगे। यहां से उनका आगमन दोपहर को कोरबा होगा। पताड़ी स्थित कोरबा पॉवर लिमिटेड के संयंत्र का जायजा लेंगे। पताड़ी में अदाणी पॉवर लिमिटेड का 600 मेगावाट क्षमता वाला संयंत्र प्रचालन में है। दूसरे फेज के तहत 1320 मेगावाट क्षमता विस्तार हो रहा है। गौतम अदाणी का यह दौरा संयंत्र का जायजा लेने के साथ ही विस्तार परियोजनाओं को लेकर है।
कोरबा संयंत्र का निरीक्षण करने के बाद वे रायगढ़ पहुंचेंगे। रायगढ़ में कंपनी का 600 मेगावाट क्षमता वाला संयंत्र स्थित है। रायगढ़ का विस्तार कर क्षमता 3800 मेगावाट किया जाना है। अदाणी समूह के चेयरमैन का यह दौरा रायपुर से हेलीकाप्टर के माध्यम से होगा। इसके पहले उन्होंने 12 जनवरी, 2025 को रायपुर, कोरबा और रायगढ़ संयंत्र का जायजा लिया था।
कोरबा संयंत्र की क्षमता 3520 MW होगी
पताड़ी स्थित कोरबा पॉवर लिमिटेड की क्षमता 600 मेगावाट की है। विस्तार परियोजना के तहत दूसरे चरण का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके तहत 660 मेगावाट क्षमता वाली दो इकाई (3 एवं 4 नम्बर) स्थापित हो रही हैं। 3 नम्बर इकाई की कमिशनिंग मार्च 2026 में की जानी थी, लेकिन इसमें कुछ विलंब है। बताया गया है कि अब 3 नम्बर यूनिट की कमिशनिंग संभवतः अप्रेल- मई में होगी। इसके बाद 4 नम्बर यूनिट की कमिशनिंग की जाएगी। दूसरी ओर अडाणी पॉवर लिमिटेड ने तीसरे फेज की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। तीसरे फेज में कोरबा पॉवर लिमिटेड परिसर में 800 मेगावाट क्षमता वाली 4 एवं 5 नम्बर इकाई स्थापित की जाएगी। दोनों इकाइयां अल्ट्रा- सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित होगी। अडानी पॉवर लिमिटेड ने मुख्य संयंत्र उपकरणों का ऑर्डर भी दे दिया है। तीसरा चरण पूरा होने के बाद कोरबा पॉवर लिमिटेड की विद्युत उत्पादन क्षमता 3520 मेगावाट हो जाएगी। बताया गया है कि 1600 मेगावाट क्षमता वाली 6 एवं 7 नम्बर इकाई स्थापित करने की भी योजना है।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









