बिलासपुर, 1 July (IndustrialPunch Desk) : साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल–जून 2026) तथा जून 2026 में अपने स्थापना काल के बाद का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करते हुए नया इतिहास रच दिया है। कंपनी ने कोयला उत्पादन, कोयला प्रेषण (Offtake) और ओवरबर्डन रिमूवल (OBR) जैसे तीनों प्रमुख परिचालन मानकों में अब तक का सर्वोच्च प्रदर्शन हासिल किया है।
कोयला उत्पादन में नया रिकॉर्ड
पहली तिमाही में SECL ने 44.10 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 7.19 प्रतिशत अधिक है। यह कंपनी के इतिहास का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रथम तिमाही उत्पादन है।
कोयला प्रेषण में भी सर्वकालिक उपलब्धि
कंपनी ने पहली तिमाही के दौरान 48.79 मिलियन टन कोयले का प्रेषण (Coal Offtake) किया। यह पिछले वर्ष की तुलना में 5.29 प्रतिशत अधिक है और SECL के इतिहास का सर्वाधिक प्रथम तिमाही प्रेषण भी है।
OBR में भी रिकॉर्ड प्रदर्शन
ओवरबर्डन रिमूवल (OBR) के क्षेत्र में भी कंपनी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया। पहली तिमाही में कुल 99.36 मिलियन घन मीटर OBR दर्ज किया गया। वहीं, जून 2026 में अकेले 34.05 मिलियन घन मीटर OBR किया गया, जो मासिक लक्ष्य से लगभग 10 प्रतिशत अधिक तथा पिछले वर्ष की तुलना में 17.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
FMC से यंत्रीकृत कोयला प्रेषण में उल्लेखनीय बढ़ोतरी
फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी (FMC) परियोजनाओं के माध्यम से पहली तिमाही में 19.58 मिलियन टन कोयले का यंत्रीकृत प्रेषण किया गया। यह पिछले वर्ष की तुलना में 19.7 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि है, जो आधुनिक कोयला परिवहन प्रणाली की सफलता को दर्शाती है।
बिजली क्षेत्र को रिकॉर्ड आपूर्ति
देश के विद्युत उत्पादन संयंत्रों को पहली तिमाही के दौरान 37.41 मिलियन टन कोयले की आपूर्ति की गई। यह पिछले वर्ष की तुलना में 5.5 प्रतिशत अधिक है और बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में SECL की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।
रेल रेक लोडिंग में भी सुधार
पहली तिमाही में कंपनी की औसत रेल रेक लोडिंग लगभग 57 रेक प्रतिदिन रही, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 54.1 रेक प्रतिदिन थी। इससे कोयला परिवहन की दक्षता में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।
भूमिगत खदानों से सर्वश्रेष्ठ उत्पादन
SECL की भूमिगत (Underground) खदानों से पहली तिमाही में 3.17 मिलियन टन कोयला उत्पादन हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 23.35 प्रतिशत अधिक है। यह पिछले छह वर्षों का सर्वश्रेष्ठ प्रथम तिमाही भूमिगत उत्पादन भी है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में SECL ने उत्पादन, प्रेषण और OBR के सभी प्रमुख परिचालन संकेतकों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कंपनी के विकास की नई इबारत लिखी है। आधुनिक FMC परियोजनाओं, बेहतर लॉजिस्टिक्स, बढ़ी हुई विद्युत क्षेत्र आपूर्ति तथा भूमिगत खदानों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने SECL को कोल इंडिया की अग्रणी सहायक कंपनियों में और मजबूत स्थान दिलाया है। यह उपलब्धि देश की ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान मानी जा रही है।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









