भारत का पहला स्वदेशी लग्जरी क्रूज लाइनर, यहां जानें पूरी डिटेल

अगर आप भी समुद्र के रास्ते देश की सैर करना चाहते हैं तो यही एक सुनहरा मौका है। यह स्वदेशी क्रूज यात्रियों को गोवा, दीव, कोच्चि, लक्षद्वीप और श्रीलंका जैसे लोकप्रिय भारतीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों की सैर कराएगा।

इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) अक्सर लोगों को ट्रेन के जरिए देश में जगह-जगह घुमाने के लिए नए-नए पैकेज लेकर आता रहता है। ऐसा ही एक रोमांचक सफर आईआरसीटीसी एक बार फिर से लेकर आया है, लेकिन यह सफर ट्रेन से नहीं बल्कि पानी पर चलने वाले क्रूज से कराया जाएगा। जी हां, अगर आप भी समुद्र के रास्ते देश की सैर करना चाहते हैं तो यही एक सुनहरा मौका है। यह स्वदेशी क्रूज यात्रियों को गोवा, दीव, कोच्चि, लक्षद्वीप और श्रीलंका जैसे लोकप्रिय भारतीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों की सैर कराएगा।

IRCTC ने की क्रूज सेवा शुरू

दरअसल, आईआरसीटीसी ने हाल ही में देश के पहले स्वदेशी क्रूज लाइनर ‘कॉर्डेलिया’ को एक निजी कंपनी के साथ साझेदारी में लॉन्च किया है। बताना चाहेंगे कि कॉर्डेलिया क्रूज के रूप में लक्जरी यात्रा की पेशकश पर्यटकों को गोवा, दीव, कोच्चि, लक्षद्वीप द्वीप समूह और श्रीलंका जैसे लोकप्रिय भारतीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों की सैर कराएगा। बता दें इसकी बुकिंग 18 सितंबर से आईआरसीटीसी वेब पोर्टल के जरिए शुरू हो चुकी है।

क्या है कॉर्डेलिया क्रूज?

आईआरसीटीसी के मुताबिक कॉर्डेलिया क्रूज भारत का प्रीमियम क्रूज लाइनर है जिसे ”टूरिज्म सर्विस” के तहत चलाने का फैसला किया गया है। दरअसल, भारत में भी क्रूज लाइनर को प्रमोट करने के उद्देश्य से ऐसा किया गया है। विदेश में इसकी काफी डिमांड है। लोग क्रूज के जरिए घूमने से लेकर पार्टी, शादी, न्यू ईयर जैसे सेलिब्रेशन अरेंज करने के लिए करते हैं।

भारत में क्रूज संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

कॉर्डेलिया क्रूज के जरिए अब भारत में भी क्रूज संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। भारत लंबे समय से ऐसे परिचालन की इच्छा रखता था जो अब जाकर पूरी हुई है। यह क्रूज यात्रा बेहद स्टाइलिश, शानदार और सबसे महत्वपूर्ण साबित होगी। क्रूज पर सवार यात्रियों को गोवा, दीव, लक्षद्वीप, कोच्चि और श्रीलंका जैसे कुछ बेहतरीन भारतीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों के लिए नौकायन का अनुभव होगा। बुकिंग कराने के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com वेबसाइट पर जाना होगा। आईआरसीटीसी ने प्रमोशन और मार्केटिंग के लिए और भारत में पहला लग्जरी क्रूज चलाने के लिए कॉर्डेलिया के साथ समझौता किया है।

यहां जानें यात्रा कार्यक्रम से जुड़ी पूरी डिटेल

• वर्तमान में वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक सितंबर 2021 से मई 2022 तक गोवा से लक्षद्वीप के लिए 5-दिवसीय क्रूज यात्रा की पेशकश की जा रही है, जिसकी लागत 40 हजार से 56 हजार रुपए तक है।

• वहीं यात्री कोच्चि से लक्षद्वीप में एक दिन के साथ मुंबई के लिए 3-दिवसीय क्रूज यात्रा या फिर मुंबई और लक्षद्वीप को कवर करते हुए गोवा के लिए 4-दिवसीय क्रूज का विकल्प भी चुन सकते हैं। इस सफर के लिए क्रूज की कीमत 29 हजार रुपए से लेकर 44 हजार रुपए तय की गई है।

• आईआरसीटीसी अक्टूबर 2022 तक मुंबई से चलने वाली कई प्रकार के क्रूज यात्राओं की पेशकश कर रहा है, जिसमें गोवा या कोच्चि के लिए 2-दिवसीय क्रूज यात्रा की जा सकती है, या फिर लक्षद्वीप और कोच्चि में एक दिन के साथ गोवा के लिए 5-दिवसीय क्रूज का आनंद भी लिया जा सकता है। इसके अलावा खुले समुद्र में 2 दिन की क्रूज यात्रा में भी निवेश किया सकता है। इसकी कीमत 19 हजार रुपए से लेकर 50 हजार रुपए तक है।

• जून 2022 से यह क्रूज कोलंबो, गाले, त्रिंकोमाली और जाफना के सफर पर निकलेगा। यानि की पर्यटक देश ही नहीं बल्कि विदेश के सफर का भी भरपूर आनंद ले सकते हैं। जी हां, इसके लिए चेन्नई से श्रीलंका के लिए 2-दिवसीय या फिर 5-दिवसीय क्रूज के लिए बुकिंग भी की जा सकती है। इस क्रूज यात्रा की कीमत 19 हजार रुपए से लेकर 50 हजार रुपए तक तय की गई है।

लक्जरी क्रूज पर होंगी तमाम सुविधाएं

• देश का पहला स्वदेशी लग्जरी क्रूज लाइनर ‘कॉर्डेलिया’ अपने यात्रियों के मनोरंजन का खास खयाल रखते हुए कई मनोरंजक और तमाम तरह की एक्टिविटी के अवसर भी प्रदान करता है। जैसे- रेस्तरां, स्विमिंग पूल, बार, ओपन सिनेमा, थिएटर, बच्चों के लिए प्ले जोन, जिम इत्यादि। कॉर्डेलिया क्रूज पर उपलब्ध कराई गए ये तमाम सेवाएं अंतरराष्ट्रीय क्रूज लाइनर के मानक से मेल खाती हैं।

अनुसूची

• आईआरसीटीसी क्रूज लाइनर, गोवा, दीव, लक्षद्वीप, कोच्चि और श्रीलंका जैसे पर्यटन स्थलों की यात्रा करा रहा है, जिसके तहत वह अपने मेहमानों को पहले चरण में भारतीय गंतव्यों तक जाने की अनुमति देगा, जिसका आधार मुंबई में होगा।

• दूसरे चरण में, मई 2022 से शुरू होकर, क्रूज को चेन्नई में स्थानांतरित कर दिया जाएगा जो वहां से कोलंबो, गाले, त्रिंकोमाली और जाफना जैसे श्रीलंकाई गंतव्यों के लिए रवाना होगा।

जानने के लिए अन्य विवरण

• अगर बुकिंग 31 अक्टूबर, 2021 तक की जाती है तो 12 साल तक के बच्चे फरवरी 2022 तक किसी भी क्रूज पर मुफ्त यात्रा कर सकते हैं। हालांकि 2 से 12 साल के बच्चों के लिए पोर्ट शुल्क, ग्रेच्युटी और जीएसटी लागू है।

• 31 अक्टूबर, 2021 तक, आईआरसीटीसी की वेबसाइट यात्रियों को बुकिंग के समय भुगतान का 25 प्रतिशत और शेष राशि बाद में, यानी नौकायन की तारीख से 30 दिन पहले भुगतान करने की अनुमति दे रही है।

कुछ ऐसा होगा कॉर्डेलिया क्रूज का यात्रा कार्यक्रम:

– मुंबई – गोवा – मुंबई (2 रात)

– मुंबई – दीव – मुंबई (2 रात)

– मुंबई – समुद्र में – मुंबई (2 रात)

– कोच्चि – लक्षद्वीप – समुद्र में – मुंबई (3 रात)

– मुंबई – समुद्र में – लक्षद्वीप – समुद्र में – मुंबई (4 रात)

– गोवा – मुंबई – समुद्र में – लक्षद्वीप – समुद्र में – गोवा (5 रात)

– चेन्नई – समुद्र में – कोलंबो (2 रात)

– चेन्नई – जाफना – चेन्नई (2 रात)

– चेन्नई – समुद्र में – कोलंबो – गाले – त्रिंकोमाली – चेन्नई (5 रात)

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing