नई दिल्ली, 17 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष के तौर पर जगत प्रकाश नड्डा का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है। 2024 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए बीजेपी की कार्यकारिणी ने इसका फैसला लिया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि ये साल सदस्यता अभियान का साल है। छह साल बाद नए सिरे से सदस्यता होती है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा दिया गया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि जेपी नड्डा के लिए राष्ट्रीय कार्यकारणी ने आज प्रस्ताव किया है, राजनाथ सिंह ने इस प्रस्ताव को रखा है, और सभी भाजपा के सदस्यों ने इसे स्वीकार किया है। जेपी नड्डा को जून 2024 तक के लिए भाजपा के अध्यक्ष के रूप में इनका कार्यकाल बढ़ाया जा रहा है।

लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने वाले तीसरे नेता बने नड्डा

नड्डा को फिर से अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिल गई है। लगातार दूसरा कार्यकाल हासिल करने वाले लालकृष्ण आडवाणी और अमित शाह के बाद तीसरे नेता बन गए हैं। हालांकि, राजनाथ सिंह भी दो बार पार्टी अध्यक्ष बने थे, लेकिन उनका कार्यकाल लगातार नहीं था।

10 विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव बने वजह

भाजपा के सूत्रों के मुताबिक, अगले साल तक 10 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों और 2014 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए यह एक्सटेंशन किया गया है। नड्डा जुलाई 2019 में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बने थे। इसके बाद 20 जनवरी 2020 को पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाए गए। उनका चुनाव सर्वसम्मति से हुआ। इससे पहले पूर्व अध्यक्ष अमित शाह को भी 2019 में लोकसभा चुनाव तक विस्तार दिया गया था।

चुनावी साल में संगठन से छेड़छाड़ नहीं करने की रणनीति

पार्टी अध्यक्ष का कार्यकाल बढ़ाए जाने की एक अहम वजह इसी साल के आखिर में होने वाले 9 विधानसभाओं के चुनाव भी हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर में भी मई जून के बीच चुनाव कराए जाने के आसार हैं।

  • Website Designing