बापू को गाली देने वाले कालीचरण महाराज को 13 जनवरी तक की जेल, समर्थक कोर्ट के बाहर पढ़ रहे थे हनुमान चालीसा

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को गाली देने के चलते विवादित हुए महाराष्ट्र के संत कालीचरण महाराज को 13 जनवरी तक ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है।

रायपुर, 31 दिसम्बर।  राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को गाली देने के चलते विवादित हुए महाराष्ट्र के संत कालीचरण महाराज को 13 जनवरी तक ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है। अब उनके नए साल की सुबह जेल में ही होगी। रायपुर पुलिस ने उन्हें शुक्रवार शाम को कोर्ट में पेश किया था। कालीचरण महाराज पर धर्म संसद में महात्मा गांधी के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के केस में यह पेशी हुई है। उनके ऊपर राजद्रोह का केस भी दर्ज है।

करीब 2 घंटे चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने कालीचरण महाराज को जेल भेजने का आदेश दे दिया। इससे पहले उनको लेकर वकीलों ने अपनी दलीलें पेश की। सुनवाई के दौरान कालीचरण के समर्थक कोर्ट के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करते रहे। मंदिर हसौद थाने से कालीचरण को कोर्ट ले कर पुलिस पहुंची थी।। कोर्ट परिसर में मुस्कुराते हुए कालीचरण दाखिल हुआ था।

इससे पहले गुरुवार को लगभग 2 घंटे चली बहस के बाद कालीचरण को रायपुर पुलिस ने 1 जनवरी तक रिमांड पर मांगा था। जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया था। दिनभर चली पूछताछ के बाद दोपहर बाद पुलिस ने कालीचरण को अब कोर्ट में पेश किया।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

साभार : दैनिक भास्कर

  • Website Designing