रायपुर, 30 जून 2025 : सोमवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे भारत सरकार के केंद्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चन्द्र दुबे (Satish Chandra Dubey) ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Chief Minister Vishnu Deo Sai) से सौजन्य भेंट की।

इस अवसर पर राज्य में कोयला परियोजनाओं के विस्तार के लिए भू-अधिग्रहण एवं रहवासियों की विस्थापन प्रक्रिया में तेज़ी लाने को लेकर राज्य शासन से वांछित सहयोग को लेकर चर्चा हुई।
इससे पूर्व रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने पर एसईसीएल (SECL) परिवार की ओर से उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन के साथ निदेशक (तकनीकी – संचालन सह योजना/परियोजना) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (एचआर) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन ने मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।









