प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत औैर सेशल्स हिंद महासागर क्षेत्र के दो ऐसे देश हैं जिनके बीच मित्रता के मजबूत संबंध और गहरी साझेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सबकी सुरक्षा और विकास के लिए भारत की सागर परिकल्पना का केन्द्र बिन्दु सेशल्स है।
सेशल्स के राष्ट्रपति वेवेल रामकलावान के साथ भारत की सहायता से चलायी जा रही परियोजनाओं का वर्चुअल तरीके से उद्घाटन करते हुए श्री मोदी ने कहा कि जरूरत के समय भारत ने अपनी पडोसी देशों की मदद की है। भारत ने सेशल्स को भी कोविड महामारी से निपटने के लिए जरूरी दवाएं और पचास हजार टीके उपलब्ध कराए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सेशल्स पहला अफ्रीकी देश है जिसे भारत में बने कोविड टीके मिले हैं। उन्होंने कहा कि भारत को इस बात की बडी प्रसन्नता है कि उसने सेशल्स की अदालत के नए भवन के निर्माण में अपना योगदान किया। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह इमारत कोविड महामारी के प्रकोप के दौरान पूरी की गई है।
श्री मोदी ने कहा कि भारत सेशल्स की समुद्री सुरक्षा को सुदृढ करने को वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत ने सेशल्स के तटरक्षक बल को एक नया, अत्याधुनिक, भारत में निर्मित गश्ती पोत उपलब्ध कराया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन ने दुनिया के द्वीप देशों के सामने बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि आज भारत ने सेशल्स को एक मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र दिया है।