गणतंत्र दिवस के अवसर पर 901 पुलिसकर्मियों को पुलिस पदक दिया जाएगा। 140 कर्मियों को वीरता के लिए पुलिस पदक, 93 कर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और छह सौ 68 कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक दिया जाएगा।
गृह मंत्रालय ने कहा है कि 140 वीरता पुरस्कारों में से 80 कर्मी वामपंथ उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों से जबकि 45 पुलिसकर्मी जम्मू कश्मीर क्षेत्र से हैं। इसके अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 48 कर्मी, महाराष्ट्र के 31, जम्मू कश्मीर के 25, झारखंड के 9 तथा दिल्ली, छत्तीसगढ़ और बीएसएफ के सात-सात कर्मी इस पुरस्कार के लिए चुने गए हैं।
वीरता के लिए पुलिस पदक जनधन की रक्षा करने, अपराध रोकने या अपराधियों को पकड़ने के लिए विशिष्ट वीरता के आधार पर दिया जाता है। विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक पुलिस सेवा में विशेष रिकॉर्ड के लिए और उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक संसाधन और कर्तव्य के प्रति निष्ठापूर्ण सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।