Advertisement

रायगढ़, 27 दिसम्बर। शनिवार को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में जिंदल पावर (Jindal Power) की गारे पेलमा सेक्टर- 1 कोयला खदान के खिलाफ चल रहा ग्रामीणों का आंदोलन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई।

ग्रामीणों ने पुलिस बल पर पथराव करते हुए हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी कमला पुसाम घायल हो गईं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर बस और कंपनी के वाहनों में तोड़फोड़ की और उसमें आग लगा दी। एसडीएम की गाड़ी भी फूंक दी गई। आंदोलन के हिंसक होते ही मौके पर और पुलिस बल भेजा गया। इलाके में तनाव बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि बवाल तब हुआ जब पुलिस की टीम प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने पहुंची थी। पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता राधेश्याम शर्मा समेत करीब 30- 40 ग्रामीणों को हिरासत में ले लिया। इससे तनाव बढ़ गया और प्रदर्शनकारी आक्रोशित हो गए। इस बीच खबर फैली की पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक तेज रफ्तार हाइवा ने एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए।
कथित “फर्जी“ जनसुनवाई निरस्त करने की मांग

Advertisement

ग्रामीणों का आंदोलन 8 दिसंबर को हुई कथित “फर्जी“ जनसुनवाई के खिलाफ हो रहा था। 14 गांवों के लोग भूमि अधिग्रहण, विस्थापन और पर्यावरण प्रदूषण का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि 8 दिसम्बर, 2025 को आयोजित फर्जी जन सुनवाई निरस्त किया जावे। ग्रामीणों के विरूद्ध दर्ज प्रकरण तत्काल प्रभाव से वापस लिए जाएं तथा निलंबित कर्मचारियों को तत्काल बहाल किया जाए। फर्जी जन सुनवाई के लिए जिम्मेदार सरकारी अधिकारीयों एवं जिंदल के कर्मचारियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करते हुए न्यायिक जांच कराई जाए।

industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join

Advertisement