रायपुर, 28 सितम्बर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संस्था बच्चों में अनुशासन और राष्ट्रीयता की भावना जागृत करती है। संस्था से जुड़े विद्यार्थियों में मानव सेवा की भावना भी उत्पन्न होती है, जो जीवन भर उनके काम आती है। स्काउट और गाइड को यह सिखाया जाता है कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। इसने विविधता में एकता की भावना’ तथा ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उक्त उद्गार राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने आज राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य पुरस्कार एवं अलंकरण समारोह में व्यक्त किए।

इस अवसर पर राज्यपाल द्वारा 17 जिलों के स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स को राज्य (राज्यपाल) पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी तरह उत्कृष्ट स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर, स्काउटर और गाइडर को नगद राशि व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एवं स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम, विधायक एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्काउट एवं गाइड सत्यनारायण शर्मा, राज्य मुख्य आयुक्त एवं संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर, विधायक व उपाध्यक्ष श्रीमती शकुंतला साहू, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल एवं राज्यपाल के विधिक सलाहकार राजेश श्रीवास्तव भी उपस्थित थे।

राज्यपाल ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स एक ऐसी संस्था है, जो विद्यार्थियों को संस्कारित करने का कार्य करती है। स्काउट एवं गाइड को कम सुविधाओं में तथा कठिन परिस्थितियों में स्वयं को ढाल कर जीवन जीने की कला सिखाई जाती है। कहा जाता है कि ‘‘वन्स ए स्काउट ऑलवेज स्काउट’’। यदि बच्चे में एक बार स्काउटिंग का बीज रोपित कर दिया जाए तो वह जीवन भर स्काउट बना रहता है। स्काउटिंग सभी धर्मों के प्रति श्रद्धा रखना सिखाती है। युवाओं में नेतृत्व क्षमता का गुण विकसित करने का कार्य भी यह संस्था करती है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के पथप्रदर्शक थे। उन्हें युवाओं के नेतृत्व और बल पर दृढ़ विश्वास था, क्योंकि उनकी दृष्टि थी कि भविष्य का भारत युवा ही तय करेंगे। एन.सी.सी., एन.एस.एस. के समान स्काउट और गाइड ने युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने युवाओं का स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के स्काउट्स एवं गाइड्स ने अपनी नेतृत्व क्षमता के बल पर प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन किया है। कार्यक्रम को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, विनोद सेवनलाल चंद्राकर, राजेश अग्रवाल ने भी संबोधित किया। समारोह का संचालन सयुंक्त रूप से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य सचिव कैलाश सोनी, मोहम्मद सादिक़ शेख, अशोक देशमुख, शैलेन्द्र मिश्रा ने किया। आभार प्रदर्शन राज्य सचिव कैलाश सोनी ने व्यक्त किया।

  • Website Designing