रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी का सोमवार की देर रात निधन हो गया। वे कोरोना से संक्रमित थीं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा …

“मेरी करुणा चाची यानी करुणा शुक्ला जी नहीं रहीं। निष्ठुर कोरोना ने उन्हें भी लील लिया।
राजनीति से इतर उनसे बहुत आत्मीय पारिवारिक रिश्ते रहे और उनका सतत आशीर्वाद मुझे मिलता रहा।
ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और हम सबको उनका विछोह सहने की शक्ति।”

01 अगस्त 1950 के दिन ग्वालियर में अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करूणा शुक्ला का जन्म हुआ था। 1982 से 2014 तक यानी 32 साल भाजपा में रहने के बाद उन्होंने फरवरी, 2014 में अचानक कांग्रेस का दामन थाम लिया था। भाजपा में रहते हुए करुणा शुक्ला कई महत्वपूर्ण पदों पर रहीं जिनमें भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद भी है। पढ़ाई पूरी करने के बाद करुणा शुक्ला ने राजनीति में कदम रखा था।

उन्हें मध्यप्रदेश विधानसभा में रहते हुए बेस्ट एमएलए का खिताब भी मिला था। करुणा शुक्ला 1993 में पहली बार विधानसभा सदस्य चुनी गईं थीं। 2004 के लोकसभा के चुनावों में उन्होंने भाजपा के लिए जांजगीर सीट जीती थी, लेकिन 2009 के चुनाव में करुणा कोरबा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के चरणदास महंत से हार गईं थीं।

  • Website Designing