एक कार्यक्रम में फीता काटते हुए प्रभारी मंत्री डा. प्रेमसाय सिंह

कोरबा (IP News). बुधवार को कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री डा. प्रेमसाय सिंह ने विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करते हुए टीपी नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर भड़ास निकालते हुए कहा कि जिले में ब्यूरोक्रेसी हावी है, अफसर उनकी बात नहीं सुनते।

पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर ने कहा कि जिले का कोई भी अधिकारी बात नहीं सुनता है। हालत यह है कि रामपुर से भाजपा विधायक व पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर का एक फोन जाता है तो काम हो जाता है। कांग्रेस के लोग अधिकारियों के चक्कर काटते थक जाते हैं, लेकिन उनका काम नहीं होता। दो साल बाद भी यह स्थिति बनी हुई है।

नगर पालिक निगम के सभापति श्यामसुंदर सोनी ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मान का भूखा होता है। कार्यकर्ता अधिकारी के पास कोई समस्या लेकर जाता है तो उसकी बात सुननी चाहिए। चुनाव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जी-जान से मेहनत की थी। सरकार बनने के बाद कार्यकर्ता एक आशा और उम्मीद के साथ बैठा था। हम सम्मान के लिए राजनीति करते हैं। सभापति ने पुलिस की कार्यशैली पर निशाना साधा और कहा कि जिले में पहले न जुए के फड़ चलते थे, न कबाड़ का धंधा चलता था और न ही डीजल की चोरी होती थी। अब कोरबा के हालात विपरित हो गए हैं।

पाली तानाखार विधायक व जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष मोहित केरकेट्टा ने कहा कि अधिकारी कार्यकर्ताओं की बात सुनें और उनका मान सम्मान का ध्यान रखें। श्री केरकेट्टा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनने वाले अधिकारियों के कार्यालय के दरवाजे पर ताला लगा देंगे।

निगम कोरबा के पार्षद दिनेश सोनी ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए यहां तक कहा कि काम नहीं होने की शिकायत जब महापौर से की जाती है तो वे भी कहते हैं कि उनकी भी कोई नहीं सुनता। जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष अजय जायसवाल, प्रदीप अग्रवाल, रेखा त्रिपाठी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपनी व्यथा व्यक्त की और अफसरों पर उनकी बात नहीं सुनने और मनमानी करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने ऐसे अधिकारियों को हटाने और कार्रवाई की मांग भी रखी।

कार्यकर्ताओं का मान सम्मान बना रहे, यह सुनिश्चित होगा: प्रभारी मंत्री

छत्तीसगढ़ के शिक्षा व जिले के प्रभारी मंत्री डा. प्रेमसाय सिंह ने सभी की बातों का सुना और अंत में कहा कि यहां के विधायक व राजस्व मंत्री सहित डा. महंत, सांसद के साथ इस पर चर्चा की जाएगी। कार्यकर्ताओं का मान सम्मान बना रहे, यह सुनिश्चित किया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे भूपेश सरकार के दो साल की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं और योजनाओं की जानकारी दें।

  • Website Designing