कोरबा (आईपी न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी, जिला कोरबा ने स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस के साथ सहयोग कर उनकी सहायक की भूमिका अदा करने के उद्देश्य से एक रणनीति तैयार की है। पोलिंग बूथ के कार्यकर्ताओं की सूची बनाकर प्रदेश भेजी गई। इसके अलावा प्रत्येक मंडल से 20-20 ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है जो सेवाभावी होने के साथ ही शारीरिक रूप से सक्षम हों। ये कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में रहते हुए ही प्रशासन एवं पुलिस को सहयोग प्रदान करेंगंे। भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी ने बताया कि तैयार की जा रही इस सूची को जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा। श्री चावलानी ने बताया कि जिले में 19 मंडल हैं, इस लिहाज से 400 कार्यकर्ता तैयार होंगे। इसी तरह भाजपा के 7 मोर्चा और शक्ति व मतदान केन्द्र स्तर पर सेवाभावी कार्यकर्ताओं की सूची बनाई जा रही है। इनकी अनुमानित संख्या दस हजार के आसपास होगी। अशोक चावलानी ने सभी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहते हुए नियम कायदों का पालन करने कहा है।

  • Website Designing