कोरबा (आईपी न्यूज)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने नागरिकता संसोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर विरोध कर रहे विपक्ष को राष्ट्र विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नेता सीएए को लेकर झुठ और भ्रांती फैला रहे हैं। ये लोग पूरे देश में अभियान चला रहे हैं। लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा के बाद सीएबी, सीएए बना है। श्री कौशिक कोरबा प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह अधिनियम किसी की नागरिकता छीनने वाला नहीं बल्कि देने वाला है। विपक्ष एनआरसी की बात कह रहा है जबकि इस पर न कोई प्रस्ताव आया है ओर न ही चर्चा हुई है। असम में एनआरसी हुई, लेकिन यह भाजपा की देन नहीं है। 1985 में राजीव गांधी के प्रधानमंत्री काल में इसे लाया गया था। हालांकि सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के अनुसार असम में एनआरसी लागू हुई। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सही तथ्यों को जनता के बीच नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे संविधान बचाओ की बात कह रहे हैं, लेकिन यह नहीं बता रहे कि संविधान खतरे में कैसे है। देश में सब कुछ संविधान के अनुसार ही हो रहा है। इस दौरान पूर्व संसदीय सचिव लखनलाल देवांगन, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, ज्योतिनंद दुबे भी उपस्थित थे।

  • Website Designing