Digital Life Certificate Campaign 4.0 : पेंशन जारी रखने के लिए पेंशनभोगियों को हर साल नवंबर महीने में जीवन प्रमाण पत्र जमा करना होता है। नवंबर, 2024 में 845 शहरों में आयोजित डीएलसी अभियान 3.0 में 1.62 करोड़ डीएलसी जमा किए गए थे।
पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग (Department of Pension & Pensioner’s) अब चौथा राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान आयोजित करेगा, जो 1 से 30 नवंबर, 2025 तक भारत भर में 1850 से अधिक जिलों/शहरों/कस्बों (2500 शिविर स्थानों) में आयोजित किया जाएगा।
विभाग ने 30 जुलाई, 2025 के कार्यालय ज्ञापन के माध्यम से अभियान के लिए व्यापक दिशा-निर्देश अधिसूचित किए हैं। यह अभियान, पेंशन संवितरण बैंकों, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, पेंशनभोगी कल्याण संघों, सीजीडीए, दूरसंचार विभाग, रेलवे, डीओपी, ईपीएफओ, यूआईडीएआई और इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से देश के दूरदराज के कोनों में सभी पेंशनभोगियों तक पहुंचने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा।
पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग के सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने आज आगामी अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) अपने 1.8 लाख डाकियों और ग्रामीण डाक सेवकों के विशाल नेटवर्क के माध्यम से 1600 जिला/उप-मंडल डाकघरों में शिविर आयोजित करेगा।
आईपीपीबी घर-घर डीएलसी सेवाएं भी प्रदान करता है। 19 पेंशन वितरण बैंक भी 315 शहरों में 900 से अधिक स्थानों पर शिविर आयोजित करेंगे।
57 पेंशन कल्याण संघ पेंशनभोगियों को शिविरों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। दूरसंचार विभाग, रेल मंत्रालय, डाक विभाग, रक्षा मंत्रालय (सीजीडीए) और ईपीएफओ जैसे संबंधित मंत्रालय/विभाग भी पूरे देश में चिन्हित स्थानों पर शिविर आयोजित करेंगे।









