कोलकाता। कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) प्रबंधन ने अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी स्वास्थ्य राहत देते हुए कैंसर उपचार को लेकर अहम फैसला लिया है। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 487वीं बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर 20 मार्च, 2026 को जारी ऑफिस ऑर्डर में यह प्रावधान लागू किया गया।
जारी आदेश के अनुसार, मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल को कैंसर इलाज के लिए अधिकृत संस्थान मानते हुए वहां होने वाले उपचार पर अब पूरा खर्च वास्तविक आधार पर कंपनी द्वारा वहन किया जाएगा। इसमें डॉक्टर परामर्श, जांच, इमेजिंग, कीमोथेरेपी, रेडिएशन थेरेपी और सर्जरी जैसे सभी मानक उपचार शामिल होंगे।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा तभी मिलेगी जब इलाज टीएमएच द्वारा प्रमाणित होगा और वह स्वीकृत ऑन्कोलॉजी प्रोटोकॉल के अंतर्गत किया गया हो। यह निर्णय कंपनी के कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ सेवानिवृत्त कर्मियों और अन्य पात्र लाभार्थियों पर भी लागू होगा, जो मेडिकल अटेंडेंस रूल्स (MAR) एवं CPRMSE योजनाओं के अंतर्गत आते हैं।

industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









