कोलकाता, 22 जून। कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) के कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं और अतिरिक्त वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से कंपनी प्रबंधन ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
इसे भी पढ़ें: MCL और SECL का आईपीओ लाने की तैयारी तेज, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में हुआ खास प्रशिक्षण
कोल इंडिया के निदेशक (वित्त) मुकेश अग्रवाल ने कोलकाता स्थित कारपोरेट कार्यालय में SBI के वरिष्ठ अधिकारियों मनोरंजन पांडा (जनरल मैनेजर–CCGO East), एन.आर. लेंका (डीजीएम–CCG Coal) तथा पी.के. मंसिंगका (डीजीएम–SPA) के साथ बैठक कर कर्मचारियों के लिए उन्नत कारपोरेट सैलरी पैकेज पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में विशेष रूप से कर्मचारियों के लिए उपलब्ध दुर्घटना बीमा कवरेज को मौजूदा 1 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव तथा अन्य बैंकिंग लाभों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान दोनों पक्षों ने कोल इंडिया कर्मचारियों को अधिक मूल्यवर्धित बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी बदलती जरूरतों के अनुरूप नवीन वित्तीय समाधान विकसित करने पर जोर दिया। चर्चा का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की वित्तीय सुरक्षा को मजबूत करना तथा उन्हें बेहतर बैंकिंग सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
इसे भी पढ़ें: CIL : क्या जबलपुर हाईकोर्ट का फैसला JBCCI- XII के गठन में बाधा बनेगा?, जानें पूरा मामला
कोल इंडिया और SBI के बीच हुई यह पहल कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अधिक आकर्षक और लाभकारी कारपोरेट सैलरी पैकेज तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
— IndustrialPunch News Desk









