Advertisement

कोरबा, 23 जून (Industrial Punc Desk) : राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता (NCWA-XI) की अवधि 30 जून 2026 को समाप्त हो रही है। इसलिए अब कोयला क्षेत्र में NCWA-XII (12वां वेतन समझौता) की प्रक्रिया और JBCCI-XII के गठन को लेकर कर्मचारियों एवं यूनियनों के बीच चर्चा तेज हो गई है।

इधर, जेबीसीसीआई- XII के गठन के लिए सीआईएल प्रबंधन पर दबाव बनाने के लिए श्रमिक संगठनों ने कमर कस ली है। इस मांग को लेकर एचएमएस, इंटक, सीटू और एटक द्वारा संयुक्त रूप से एक जुलाई को प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं बीएमएस ने पृथक तौर पर 25 से 30 जून तक की आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है।

नेशनल कोल वेज एग्रीमेंट (National Coal Wage Agreement – NCWA) भारत के कोयला उद्योग में कार्यरत गैर-कार्यकारी (Non-Executive) कर्मचारियों के वेतन, भत्तों, सेवा शर्तों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समझौता है। यह समझौता मुख्य रूप से Coal India Limited (CIL) और Singareni Collieries Company Limited (SCCL) प्रबंधन तथा विभिन्न केंद्रीय श्रमिक संगठनों के बीच होता है।

NCWA की शुरुआत

Advertisement

कोयला उद्योग के राष्ट्रीयकरण (1973-75) के बाद पूरे देश के कोयला श्रमिकों के लिए एक समान वेतन संरचना लागू करने की आवश्यकता महसूस हुई। इसी उद्देश्य से 1974 में पहला राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता (NCWA-I) लागू किया गया। इसके बाद हर लगभग 5 वर्ष में नया वेतन समझौता किया जाता रहा।

NCWA की समयावधि

  • NCWA-I : 1974 – 1978
  • NCWA-II : 1979 – 1982
  • NCWA-III : 1983 – 1986
  • NCWA-IV : 1987 – 1991
  • NCWA-V : 1992 – 1996
  • NCWA-VI : 1997 – 2000
  • NCWA-VII : 2001 – 2005
  • NCWA-VIII : 01 जुलाई 2006 – 30 जून 2011
  • NCWA-IX : 01 जुलाई 2011 – 30 जून 2016
  • NCWA-X : 01 जुलाई 2016 – 30 जून 2021
  • NCWA-XI : 01 जुलाई 2021 – 30 जून 2026

NCWA की प्रमुख विशेषताएं

  • बेसिक वेतन एवं वेतनमान निर्धारण
  • महंगाई भत्ता (VDA)
  • विशेष भत्ते एवं भौगोलिक भत्ते
  • आवास, चिकित्सा एवं सामाजिक सुरक्षा लाभ
  • अनुकंपा नियुक्ति (Clause 9.3.0 एवं 9.4.0)
  • अवकाश एवं सेवा शर्तें
  • महिला कर्मचारियों एवं आश्रितों से संबंधित प्रावधान
  • श्रमिक कल्याण योजनाएँ

NCWA-XI की मुख्य उपलब्धियां

मई 2023 में हस्ताक्षरित NCWA-XI के तहत कोयला श्रमिकों को 19% Minimum Guaranteed Benefit (MGB) तथा विभिन्न भत्तों में वृद्धि दी गई। यह समझौता 1 जुलाई 2021 से प्रभावी माना गया और 30 जून 2026 तक लागू है।

JBCCI की भूमिका

NCWA का मसौदा और वार्ता Joint Bipartite Committee for the Coal Industry (JBCCI) के माध्यम से होती है। इसमें कोल इंडिया प्रबंधन और मान्यता प्राप्त केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल होते हैं। वर्तमान वेतन समझौता JBCCI-XI के माध्यम से संपन्न हुआ।

industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join

 

Advertisement