बाघमारा, धनबाद (IndustrialPunch Desk) : कोयला क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सोनारडीह ओपी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात केबल चोरी का विरोध करना भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के एक कर्मी को भारी पड़ गया। केबल चोरों ने ड्यूटी पर तैनात पंप ऑपरेटर उमेश रविदास को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह सनसनीखेज वारदात सोनारडीह ओपी से महज कुछ कदम की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
रात डेढ़ बजे के करीब हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच लगभग छह अपराधी बोकारो-धनबाद एनएच-32 के किनारे स्थित बीसीसीएल के समरसेबल पंप परिसर में केबल चोरी कर रहे थे। उसी समय रात्रि पाली में ड्यूटी कर रहे पंप ऑपरेटर उमेश रविदास ने चोरी का विरोध किया।
विरोध से बौखलाए बदमाशों ने उमेश रविदास पर फायरिंग कर दी। गोली उनके दाएं पैर में लगी और आर-पार निकल गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। गोली चलने और शोर-शराबा होने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
साथी को फोन कर बचाई जान, धनबाद रेफर
घायल अवस्था में उमेश रविदास ने किसी तरह अपने एक साथी को फोन कर घटना की जानकारी दी। साथी के मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सेंट्रल हॉस्पिटल, धनबाद रेफर कर दिया गया।
घटनास्थल से खोखा बरामद, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सोनारडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली खोखा बरामद किया है। आसपास के साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
तीसरी बार हुई केबल चोरी, फिर भी नहीं बढ़ी सुरक्षा
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीसीसीएल के इस समरसेबल पंप में लगातार तीसरी बार केबल चोरी की घटना सामने आई है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं किए जाने से अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि पहले की घटनाओं के बाद प्रभावी कार्रवाई और सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो इस तरह की वारदात टाली जा सकती थी।
विधायक शत्रुघ्न महतो ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घायल कर्मी का हालचाल जाना तथा पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
विधायक ने कहा कि बाघमारा ही नहीं, पूरे झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पुलिस थाना और ओपी से कुछ ही दूरी पर इस तरह की गोलीबारी हो सकती है, तो आम नागरिक और कोयला कर्मियों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
कोयला क्षेत्र में बढ़ती वारदातों से दहशत
इस घटना के बाद बीसीसीएल कर्मियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। कर्मचारियों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, संवेदनशील कोलियरी क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने और केबल चोरी जैसी लगातार हो रही घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब पुलिस चौकी के आसपास ही अपराधी बेखौफ होकर गोली चला सकते हैं, तो कोयला क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा आखिर किसके भरोसे है?
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









