Friday, July 3, 2026
Home Industrial (हिंदी) कॉर्पोरेट पीएम मोदी और साने ताकाइची ने किया मारुति सुजुकी के अत्याधुनिक संयंत्र...

पीएम मोदी और साने ताकाइची ने किया मारुति सुजुकी के अत्याधुनिक संयंत्र का उद्घाटन

आधुनिक सप्लायर पार्क से लैस यह संयंत्र पूरी क्षमता से संचालित होने के बाद दुनिया की सबसे बड़ी वाहन निर्माण इकाइयों में शामिल होगा।

Advertisement

Maruti Suzuki : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरियाणा के आईएमटी खरखौदा में मारुति सुजुकी इंडिया के अत्याधुनिक वाहन निर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया। भारत-जापान संयुक्त आर्थिक मंच के दौरान राष्ट्र को समर्पित किया गया यह प्लांट करीब 800 एकड़ में विकसित किया गया है। आधुनिक सप्लायर पार्क से लैस यह संयंत्र पूरी क्षमता से संचालित होने के बाद दुनिया की सबसे बड़ी वाहन निर्माण इकाइयों में शामिल होगा।

35,000 करोड़ रुपए का निवेश, 21,000 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार

मारुति सुजुकी इंडिया इस परियोजना में कुल 35,000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। फिलहाल संयंत्र में प्रतिवर्ष 5 लाख वाहनों के उत्पादन की क्षमता के साथ उत्पादन शुरू हो गया है। अगले चरण में इसकी क्षमता बढ़ाकर 10 लाख वाहन प्रतिवर्ष की जाएगी। परियोजना पूरी होने पर यहां 21,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

स्मार्ट फैक्ट्री और हरित ऊर्जा पर आधारित संयंत्र

Advertisement

खरखौदा प्लांट को सुजुकी के ‘स्मार्ट फैक्ट्री’ कॉन्सेप्ट के तहत इंडस्ट्री 5.0 तकनीकों के साथ विकसित किया गया है। उत्पादन की गुणवत्ता, सुरक्षा और उत्पादकता बढ़ाने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। संयंत्र में सौर ऊर्जा, बायोगैस, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली और अन्य हरित ऊर्जा तकनीकों को शामिल किया गया है। इसकी पूरी बिजली आवश्यकता नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से पूरी की जाएगी।

भारत-जापान आर्थिक साझेदारी को मिलेगी मजबूती

कंपनी ने कहा कि यह परियोजना भारत में मारुति सुजुकी की चार दशक से अधिक की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। साथ ही, यह भारत और जापान के बीच रणनीतिक आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करेगी। पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने के बाद यह संयंत्र मारुति सुजुकी के प्रतिवर्ष 40 लाख वाहन उत्पादन क्षमता के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगा।

‘मेक इन इंडिया’ की सफलता का प्रतीक : तोशिहिरो सुजुकी

सुजुकी समूह के प्रतिनिधि निदेशक एवं अध्यक्ष तोशिहिरो सुजुकी ने कहा कि कंपनी की सबसे आधुनिक निर्माण इकाई का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री साने ताकाइची द्वारा किया जाना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 5 लाख वाहनों की क्षमता वाले इस संयंत्र को आगे चलकर 10 लाख वाहन प्रतिवर्ष की क्षमता तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने इसे भारत-जापान साझेदारी और ‘मेक इन इंडिया’ पहल की सफलता का प्रतीक बताया।

भारत से 100 देशों में निर्यात होगी ई-विटारा

तोशिहिरो सुजुकी ने कहा कि सुजुकी समूह की पहली बैटरी इलेक्ट्रिक एसयूवी ‘ई-विटारा’ का निर्माण विशेष रूप से मारुति सुजुकी के गुजरात स्थित संयंत्र में किया जा रहा है। यहां से इस इलेक्ट्रिक वाहन का निर्यात दुनिया के 100 देशों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत में अनुकूल नीतिगत माहौल के कारण कंपनी निवेश, रोजगार, निर्यात और तकनीकी विकास को लगातार गति दे रही है।

industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join

IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce

Advertisement
भारत के सर्वाधिक कोयला भंडार वाले सात राज्यों के बारे में जानें: वित्तीय वर्ष 2025- 26 : कोल इंडिया लिमिटेड की टॉप- 10 खदान कोल इंडिया ने डिस्पैच का टारगेट भी किया कम, देखें 2026- 27 का कंपनीवार नया लक्ष्य कोल इंडिया ने घटाया लक्ष्य, देखें 2026- 27 का कंपनीवार नया टारगेट कोल इंडिया लिमिटेड के 10 वर्षों का उत्पादन और प्रेषण के बारे में वित्तीय वर्षवार जानें