कोरबा, 14 जुलाई (IndustrialPunch Desk) : दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) में यूनियन सदस्यता सत्यापन (Membership Verification) 2026 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, चेक-ऑफ सिस्टम (Check-off System) के तहत प्रस्तावित सदस्यता सत्यापन के लिए SECL प्रबंधन अगले सप्ताह सर्कुलर जारी कर सकता है। इसके साथ ही इस संबंध में 21 जुलाई को प्रबंधन एवं श्रमिक संगठनों की बैठक होने की भी संभावना जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें: MCL को मिलेगी पहली महिला निदेशक HR, PESB ने रेखा पाण्डेय के नाम की सिफारिश की
जानकारी के अनुसार, SECL में होने वाले सदस्यता सत्यापन में भारतीय मजदूर संघ (BMS), हिंद मजदूर सभा (HMS), इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC) और अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (AITUC) भाग लेते हैं। वहीं सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (CITU) अब तक चेक-ऑफ सिस्टम में शामिल नहीं होता रहा है। हालांकि, श्रमिक संगठनों के बीच चर्चा है कि CITU वर्ष 2027 से इस प्रक्रिया में भागीदारी कर सकता है।
दो वर्षों से BMS सबसे बड़ी यूनियन
सूत्रों के मुताबिक, Coal India की दूसरी सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी SECL में भारतीय मजदूर संघ (BMS) से संबद्ध अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ (ABKMS) लगातार मजबूत स्थिति में बना हुआ है। सदस्यता सत्यापन 2024 और 2025 में भी BMS सबसे अधिक सदस्यता के साथ शीर्ष स्थान पर रहा था।
इस बार Single Check-off की संभावना
बताया जा रहा है कि वर्ष 2026 के सदस्यता सत्यापन में इस बार एकल सदस्यता सत्यापन (Single Check-off System) अपनाया जा सकता है। यदि ऐसा होता है, तो प्रत्येक कर्मचारी केवल एक ही ट्रेड यूनियन के पक्ष में अपनी सदस्यता दर्ज करा सकेगा। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय SECL प्रबंधन द्वारा जारी किए जाने वाले आधिकारिक सर्कुलर के बाद ही स्पष्ट होगा।
इसे भी पढ़ें: CMPFO के लिए नए पेनाल्टी एवं अपील नियमों का मसौदा जारी, 26 जुलाई तक मांगे गए सुझाव
यूनियनों की बढ़ी सक्रियता
संभावित सदस्यता सत्यापन को देखते हुए सभी प्रमुख ट्रेड यूनियनों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान तेज कर दिए हैं। आने वाले दिनों में कोलफील्ड क्षेत्रों में यूनियन गतिविधियों और सदस्यता अभियान में और तेजी देखने को मिल सकती है।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









