चंद्रपुर। IndustrialPunch : स्वतंत्रता दिवस से पहले वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) में कार्यरत हजारों महिला कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की गई है। कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत पांडे ने 13 अगस्त को घोषणा की कि उच्च शिक्षित महिला कर्मचारियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप कार्य के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें: CCL : RCMU की बड़ी बैठक, सदस्यता विस्तार पर जोर, अनूप सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का संदेश
यह पहल हिंद मजदूर सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं संचालन समिति सदस्य शिवकुमार यादव की लगातार कोशिशों का परिणाम मानी जा रही है। महिला कर्मचारियों से संवाद के दौरान सामने आई समस्याओं को उन्होंने कंपनी प्रबंधन के समक्ष लगातार उठाया।
ब्लास्टिंग, पंप खलासी और वर्कशॉप में कार्यरत थीं कई उच्च शिक्षित महिलाएं
शिवकुमार यादव ने पिछले कई महीनों में WCL की महिला कर्मचारियों से मुलाकात कर उनके कार्य और समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान कई महिला कर्मचारियों ने बताया कि उच्च शिक्षा प्राप्त होने के बावजूद उन्हें ब्लास्टिंग, पंप खलासी, वर्कशॉप सहित अन्य कार्यों में लगाया गया है।
महिला कर्मचारियों का कहना था कि उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप कार्य मिलने से वे कंपनी के विकास में अपनी क्षमता का बेहतर उपयोग कर सकती हैं।
शिवकुमार यादव ने प्रबंधन के सामने उठाया मुद्दा
महिला कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शिवकुमार यादव ने WCL मुख्यालय में CMD डॉ. हेमंत पांडे से कई बार मुलाकात की। दूरसंचार के माध्यम से भी इस विषय पर चर्चा की गई और महिला कर्मचारियों को उनकी शिक्षा एवं योग्यता के अनुरूप कार्य देने का सुझाव रखा गया।
प्रबंधन की ओर से इस मुद्दे पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया था। अब 13 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में इसकी घोषणा कर दी गई।
घोषणा के बाद तालियों से गूंज उठा ऑडिटोरियम
चंद्रपुर में आयोजित अंतर क्षेत्रीय पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता के दौरान CMD डॉ. हेमंत पांडे वर्चुअली जुड़े। इसी दौरान महिला कर्मचारियों के लिए यह महत्वपूर्ण घोषणा की गई।
घोषणा होते ही पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी मौजूद थीं।
इस अवसर पर श्री बिक्रम घोष (वित्त/निदेशक मानव संसाधन), संचालन समिति सदस्य शिवकुमार यादव, श्री शरद धांडे, श्री ब्रिजेश सिंह, विभिन्न संगठनों के संचालन समिति सदस्य एवं कल्याण मंडल सदस्य तथा चंद्रपुर के महाप्रबंधक सहित बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं।
इसे भी पढ़ें: SECL गेवरा- दीपका में BMS की बढ़ी ताकत, कोयला श्रमिक सभा के कई कामगार हुए शामिल
शिवकुमार यादव ने CMD का जताया आभार
घोषणा के बाद शिवकुमार यादव ने WCL CMD डॉ. हेमंत पांडे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिला कर्मचारियों को उनकी शिक्षा और क्षमता के अनुरूप अवसर मिलना महिला सशक्तिकरण और सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारियों की समस्याओं को आवाज देना और उनके अधिकारों के लिए प्रयास करना उनका संकल्प है।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









