नागपुर। IndustrialPunch : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के वणी-ताडाली क्षेत्र में भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ (BMS) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ी बढ़त का दावा किया है। 20 अगस्त 2026 को घुग्घुस स्थित विश्वकर्मा सदन के BMS कार्यालय में आयोजित प्रवेश कार्यक्रम में HMS शाखा मुंगोली के 19 सदस्य और CITU के 5 सदस्य BMS में शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें: Coal India ने जारी किया PRP का Kitty Factor! CMD से E-1 तक किस ग्रेड को कितना मिलेगा?
बताया गया कि हिंद मजदूर सभा (HMS) शाखा मुंगोली के अध्यक्ष गणेश रोड़े, कार्याध्यक्ष गिरिधर रोड़े और निखिल उपासे अपने समर्थकों के साथ BMS में शामिल हुए। वहीं पैनगंगा OCM से रामनाथ यादव सहित अन्य समर्थकों ने भी संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
‘मजदूर हित और पारदर्शिता से प्रभावित होकर लिया फैसला’
कार्यक्रम में शामिल नए सदस्यों ने BMS की नीति, रीति, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त कामगार संगठन के विजन में विश्वास जताते हुए संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
नवागत पदाधिकारियों ने कहा कि वे BMS की मजदूर हितैषी और पारदर्शी कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर संगठन से जुड़े हैं। सदस्यता ग्रहण करने के बाद नए सदस्यों को संगठन का पट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया गया।
BMS ने बताया संगठन की बड़ी ताकत
BMS पदाधिकारियों ने HMS और CITU से जुड़े सदस्यों के इस प्रवेश को संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। संगठन के अनुसार, अनुभवी श्रमिक नेताओं और सक्रिय सदस्यों के शामिल होने से वणी-ताडाली क्षेत्र में BMS की संगठनात्मक ताकत बढ़ेगी।
BMS नेतृत्व ने कहा कि बड़ी संख्या में मजदूर नेताओं का संगठन से जुड़ना इस बात का संकेत है कि कोयला क्षेत्र के कामगार BMS की नीतियों और कार्यशैली पर भरोसा जता रहे हैं।
वरिष्ठ पदाधिकारियों ने किया स्वागत
घुग्घुस में आयोजित कार्यक्रम में BMS के वरिष्ठ पदाधिकारी आशीष मूर्ती, सह महामंत्री, अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ एवं वेकोली संचालन समिति सदस्य जयंत आसोले, विदर्भ प्रदेश मंत्री एवं कोषाध्यक्ष, ABKMS तथा सुनील मोहितकर, वेकोली सुरक्षा समिति सदस्य सहित वणी क्षेत्र के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। वरिष्ठ नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की जिम्मेदारियां सौंपे जाने की जानकारी दी।
इसे भी पढ़ें: WCL में स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण पर हल्लाबोल! एक्स-रे विभाग निजी हाथों में देने के खिलाफ 4 यूनियनें एकजुट
कोयला क्षेत्र में संगठनात्मक समीकरण बदलने का दावा
HMS और CITU से जुड़े सदस्यों के BMS में शामिल होने से वणी-ताडाली क्षेत्र में ट्रेड यूनियन के संगठनात्मक समीकरण को लेकर चर्चा तेज हो गई है। BMS ने इसे क्षेत्र में अपने प्रभाव के विस्तार और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने वाला कदम बताया है।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









