कोरबा। IndustrialPunch : कोल सेक्टर में 12वीं जेबीसीसीआई (JBCCI- XII) के गठन और 12वें वेतन समझौते की वार्ता शुरू कराने की मांग को लेकर श्रमिक संगठनों की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। चार प्रमुख श्रमिक संगठनों HMS, AITUC, INTUC और CITU के संयुक्त मोर्चे ने 12 सितंबर के प्रस्तावित रांची कन्वेंशन से पहले 27 अगस्त को वर्चुअल बैठक बुलाने का फैसला किया है।
इसे भी पढ़ें: गेवरा में SECL की बड़ी छलांग! देश का पहला 21 CuM इलेक्ट्रिक शॉवेल शुरू
यह बैठक 27 अगस्त 2026 को दोपहर 3 बजे आयोजित होगी। INTUC नेता एसक्यू जामा की ओर से बैठक को लेकर पत्र जारी किया गया है।
चारों यूनियनों के 6-6 प्रतिनिधि होंगे शामिल
प्रस्तावित वर्चुअल बैठक में HMS, AITUC, INTUC और CITU के छह-छह प्रतिनिधि, यानी कुल 24 प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
बैठक का मुख्य एजेंडा JBCCI- XII के गठन की मांग को लेकर कोल इंडिया प्रबंधन पर दबाव बनाने के लिए आगे की संयुक्त रणनीति तय करना होगा।
बताया जा रहा है कि यदि बैठक में सभी संगठनों के बीच सहमति बनती है, तो तीन दिवसीय हड़ताल के विकल्प पर भी निर्णय लिया जा सकता है। हालांकि, हड़ताल का अंतिम निर्णय बैठक में सहमति बनने के बाद ही स्पष्ट होगा।
2 सितंबर की Apex JCC बैठक से पहले रणनीति
इस पूरे घटनाक्रम को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि 2 सितंबर को Coal India के प्रभारी निदेशक (मानव संसाधन) मुकेश चौधरी द्वारा Apex JCC सदस्यों के साथ अनौपचारिक बैठक बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है।
संभावना है कि इस बैठक में JBCCI-12 के गठन सहित श्रमिक संगठनों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
ऐसे में 27 अगस्त की वर्चुअल बैठक को 2 सितंबर की अनौपचारिक बैठक से पहले संयुक्त मोर्चे की रणनीति तय करने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है।
दो चरण का आंदोलन कर चुका है संयुक्त मोर्चा
JBCCI- XII के गठन और 12वें वेतन समझौते की वार्ता शुरू कराने की मांग को लेकर HMS, AITUC, INTUC और CITU का संयुक्त मोर्चा पहले ही दो चरणों में आंदोलन कर चुका है। इसके बावजूद JBCCI- XII के गठन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने को लेकर श्रमिक संगठनों में नाराजगी बनी हुई है।
30 जून को खत्म हो चुकी NCWA-XI की अवधि
कोल सेक्टर के कर्मचारियों के लिए मौजूदा NCWA-XI की अवधि 30 जून, 2026 को समाप्त हो चुकी है। श्रमिक संगठनों की मांग है कि NCWA-XII की वार्ता जल्द शुरू की जाए, लेकिन इसके लिए पहले JBCCI- XII का गठन जरूरी है। संयुक्त मोर्चे का आरोप है कि अवधि समाप्त होने के बावजूद कोल इंडिया प्रबंधन की ओर से JBCCI- XII के गठन की पहल अब तक नहीं की गई है।
इसे भी पढ़ें: लाभ में चल रही WCL कैंटीन क्यों जाएगी निजी हाथों में? HMS ने उठाए तीखे सवाल, BMS कटघरे में
12 सितंबर के रांची कन्वेंशन पर टिकी नजर
27 अगस्त की वर्चुअल बैठक के बाद अगला बड़ा पड़ाव 12 सितंबर को रांची में प्रस्तावित संयुक्त कन्वेंशन होगा।यदि 27 अगस्त की बैठक में हड़ताल सहित आंदोलन की अगली रणनीति पर सहमति बनती है, तो रांची कन्वेंशन में उसे आगे बढ़ाने का फैसला लिया जा सकता है।
फिलहाल 27 अगस्त की वर्चुअल बैठक, 2 सितंबर की Apex JCC अनौपचारिक बैठक और 12 सितंबर के रांची कन्वेंशन—ये तीनों घटनाक्रम JBCCI- XII और NCWA- XII की आगामी दिशा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









