बीना (सोनभद्र)। IndustrialPunch : कोयला उद्योग में वेतन समझौते से जुड़ी संयुक्त द्विपक्षीय समिति (JBCCI-12) के गठन में लगातार हो रही देरी को लेकर भारतीय मजदूर संघ (BMS) से संबद्ध भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ ने प्रबंधन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के महामंत्री सुजीत सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रबंधन ने जल्द जेबीसीसीआई- XII का गठन नहीं किया, तो कोयला श्रमिकों को एक बार फिर आंदोलन के रास्ते पर उतरना पड़ेगा।
बीना, सोनभद्र में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सुजीत सिंह ने कहा कि जेबीसीसीआई- XII के गठन में हो रही देरी अब संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। संगठन पहले ही 25 जून से 30 जून तक आंदोलन का प्रथम चरण पूरा कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद प्रबंधन की ओर से अब तक समिति का गठन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की उदासीनता के कारण श्रमिकों में असंतोष और आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि संगठन अब सभी कोयला कंपनियों में जाकर श्रमिकों से चर्चा करेगा और उनकी राय के आधार पर आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी। उनका कहना था कि वेतन समझौते जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर प्रबंधन की लगातार चुप्पी श्रमिक हितों की अनदेखी है और इसे अनिश्चितकाल तक स्वीकार नहीं किया जा सकता।
एनसीएल के उत्पादन में 14.64 प्रतिशत की गिरावट, डिस्पैच भी घटा
सुजीत सिंह ने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) की सभी परियोजनाओं में कोयला उत्पादन और डिस्पैच में आई गिरावट को भी गंभीर चिंता का विषय बताया।
उन्होंने कोयला मंत्रालय की अक्टूबर 2026 की अनंतिम रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान एनसीएल का कोयला उत्पादन 69.44 मिलियन टन रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 81.35 मिलियन टन था। इस प्रकार उत्पादन में लगभग 14.64 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, कोयला डिस्पैच में भी 7.95 प्रतिशत की कमी आई है।
उन्होंने आशंका जताई कि उत्पादन और डिस्पैच में गिरावट का असर बिजली घरों को होने वाली कोयला आपूर्ति पर पड़ सकता है। संगठन ने एनसीएल प्रबंधन से इस स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
खदान दुर्घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रबंधन को घेरा
पत्रकार वार्ता में सुजीत सिंह ने एनसीएल में लगातार हो रही दुर्घटनाओं, श्रमिक कल्याण कार्यों की अनदेखी और खान सुरक्षा व्यवस्था पर भी गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कोयला उत्पादन के साथ श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने खदानों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने, नियमित सुरक्षा निरीक्षण, आधुनिक सुरक्षा प्रशिक्षण और पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन का कहना है कि उत्पादन के दबाव में श्रमिकों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।
ठेका श्रमिकों के वेतन और सामाजिक सुरक्षा का मुद्दा उठाया
सुजीत सिंह ने ठेका श्रमिकों की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उचित वेतन, समय पर भुगतान, सामाजिक सुरक्षा, बेहतर कार्य परिस्थितियां और सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए। कोयला उद्योग में ठेका श्रमिकों का योगदान महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके अधिकारों और सुविधाओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोयला उद्योग के मौजूदा संकट के बीच निजीकरण की चुनौतियों का मुकाबला करना और श्रमिक हितों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता है।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group : Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels : Click here









