Advertisement

रायपुर, 22 जनवरी। छत्तीसगढ़ में बलौदाबाजार जिले के बकुलाही इलाके में स्थित स्पंज आयरन प्लांट में हुए ब्लास्ट से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। शुरुआती जांच में ये सामने आया है कि डस्ट सेटलिंग चैंबर से गर्म राख (ऐश) ले जा रही पाइपलाइन में लीकेज हो गया था।

विस्फोट प्लांट की कोल भट्टी (कोल किल्न) में गुरुवार सुबह करीब 9.40 बजे हुआ। ब्लास्ट के दौरान गर्म कोयला और मलबा नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिरा, जिससे कई लोग झुलस गए। धमाके के बाद दूर तक धुएं का गुबार दिखा।

घायलों को तत्काल भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CSC) और स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से घायलों को बिलासपुर के बर्न ट्रीटमेंट सेंटर भेजा गया है। मृतक बिहार के रहने वाले हैं। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्य में जुटी हुई हैं।

रियल स्टील प्लांट को सील कर दिया गया है। प्लांट प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। फैक्ट्री नितेश अग्रवाल की बताई जा रही है।

Advertisement

कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि बकुलाही क्षेत्र में रियल इस्पात कंपनी में सुबह करीब 9:40 बजे बड़ा हादसा हुआ। कोल भट्टी (कोल किल्न) के डस्ट सेटलिंग चैंबर से गर्म राख (ऐश) ले जा रही पाइपलाइन में लीकेज हो गया, जिससे गर्म राख नीचे गिर गई।

इस हादसे में नीचे काम कर रहे 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए बिलासपुर के बर्न ट्रीटमेंट सेंटर भेजा गया है।

पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। SDM के नेतृत्व में जांच टीम बनाई गई है, जिसमें उद्योग विभाग, इंडस्ट्रियल हेल्थ एंड सेफ्टी विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल हैं। टीम प्लांट प्रबंधन से पूछताछ कर रही है।

इनकी हुई मौत

  • श्रवण कुमार (22), ग्राम गोटीबांध, थाना डोमरिया, जिला गया, बिहार
  • राजदेव कुमार (22), ग्राम गोटीबांध, थाना डोमरिया, जिला गया, बिहार
  • जितेन्द्र भुझ्या (37), ग्राम गोटीबांध, थाना डोमरिया, जिला गया, बिहार
  • बदरी भुझ्या (40), ग्राम गोटीबांध, थाना डोमरिया, जिला गया, बिहार
  • विनय भुड्या (40), ग्राम गोटीबांध, थाना डोमरिया, जिला गया, बिहार
  • सुंदर भुड्या (40), ग्राम गोटीबांध, थाना डोमरिया, जिला गया, बिहार

Source : Bhaskar

Advertisement