आंध्र प्रदेश के कोनासीमा जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। राजोल इलाके के इरुसुमंडा गांव में स्थित ONGC के एक तेल कुएं में मरम्मत के दौरान जबरदस्त धमाका हुआ, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि पूरा इलाका दहल उठा और देखते ही देखते सैकड़ों फीट ऊंची आग की लपटें आसमान छूने लगीं। इस घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कुएं में मेंटेनेंस (मरम्मत) का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक तकनीकी खराबी के कारण भारी मात्रा में कच्चा तेल और गैस का रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते गैस ने आग पकड़ ली और उसने विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं के काले गुबार को कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। खतरे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत इरुसुमंडा और आसपास के तीन गांवों को खाली कराने का आदेश दिया। प्रशासन ने लाउडस्पीकर के जरिए ग्रामीणों को तुरंत घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा।
किसी भी संभावित स्पार्क को रोकने के लिए पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है। लोगों को घरों में गैस चूल्हे या किसी भी तरह की आग न जलाने के निर्देश दिए गए हैं।
आग की लपटें इतनी डरावनी थीं कि ग्रामीण अपने जान-माल और मवेशियों को बचाने के लिए खेतों की ओर दौड़ पड़े। प्रशासन द्वारा विस्थापित लोगों के लिए रिलीफ कैंप्स (राहत शिविरों) का इंतजाम किया जा रहा है।
ONGC की एक्सपर्ट टीमें और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर आग बुझाने के प्रयास में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक गैस का दबाव कम नहीं होता, तब तक आग पर पूरी तरह काबू पाना चुनौतीपूर्ण बना रहेगा।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









