यूरोपीय देश ऑस्ट्रिया (Austria) की राजधानी विएना (Vienna) में सीरियल आतंकी हमला हुआ है। आतंकवादियों ने विएना में एक यहूदी पूजास्थल समेत छह जगहों पर अंधाधुंध फाइरिंग की, जिसमें कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग से अधिक घायल हुए हैं। सेना ने एक आतंकी को मार गिराया और एक को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई लोगों की स्थिति गंभीर है। ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना हुआ यह कत्‍लेआम मुंबई में 2008 में हुए आतंकी हमले की याद दिलाता है। मुंबई की तरह ही विएना में भी आतंकियों ने पब्लिक प्‍लेसेज को निशाना बनाया और निर्दोष अंधाधुंध फायरिंग की।

वियना में कुल छह जगहों पर गोलीबारी हुई है। गृह मंत्री कार्ल नेहम्मर ने कहा कि यह एक आतंकी हमला है। अभी तक हमले के असल कारणों का पता नहीं चल पाया है। सेना को आदेश दिया गया है कि वह शहर के महत्वपूर्ण इलाकों की सुरक्षा करे। इसके अलावा आधुनिक हथियारों से लैस पुलिसवाले हमलावरों की तलाश में जुट गए हैं। उन्होंने वियना के लोगों से कहा है कि वे घरों में ही रहें। वहीं, चांसलर सेबेस्टियन कुर्ज ने कहा कि इसकी पूरी संभावना है कि यह एक यहूदी-विरोधी हमला था। उन्होंने कहा कि यह हमला एक यहूदी उपासनागृह के पास हुआ है, जिससे इस संभावना को नकारा नहीं जा सकता है। हालांकि, हमले के वक्त यह बंद था।

एक पुलिस ऑफिसर की मौत

विएना पुलिस ने ट्वीट करके कहा कि रात 8 बजे 6 जगहों पर गोलीबारी की घटना हुई जिसमें कई राउंड गोलियां चलीं। कई संदिग्ध रायफल से लैस नजर आए। हमलावरों के पास ऑटोमैटिक हथियार थे। वे प्रोफेशनल तैयारी के साथ हमला करने आए थे। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं जिनमें एक पुलिस ऑफिसर भी शामिल थे जिनकी मौत हो गई है। विएना पुलिस ने अपने एक अन्य ट्वीट में लोगों को इस हमले के प्रति सावधानी बरतने को कहा है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से भी दूर रहने को कहा है। पुलिस ने लिखा, कृपया अफवाहों, आरोपों, अटकलों या पीड़ितों की अपुष्ट संख्याओं पर भरोसा नहीं करें।

पीएम मोदी ने की घटना की निंदा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विएना में हुई इस घटना की कड़ी निंदा की है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, विएना में हुए नृशंस आतंकी हमलों से गहरा सदमा और दुख पहुंचा है। इस दुखद समय में भारत ऑस्ट्रिया के साथ खड़ा है। मेरे संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। वहीं,  फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा, फ्रेंच लोग विएना में हुए अटैक के बाद ऑस्ट्रिया के दुख को साझा करते हैं। फ्रांस के बाद एक और दोस्ताना देश हमले का शिकार हुआ है। ये हमारा यूरोप है। हमारे दुश्मनों को पता चलना चाहिए कि वो किससे डील कर रहे हैं। हम किसी भी चीज को लेकर हार नहीं मानेंगे।

  • Website Designing