BALCO : एल्यूमिनियम उत्पादन में आया उछाल

हालांकि बालको की एल्यूमिनियम उत्पादन क्षमता 5.70 लाख टन सालाना है। बावजूद इसके खत्म हुए वित्तीय वर्ष मेंं कंपनी ने क्षमता से 10 हजार टन अधिक का उत्पादन दर्ज किया।

नई दिल्ली, 19 मई। वेदांता समूह की भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) के एल्यूमिनियम उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है। कपंनी ने वित्तीय वर्ष 2021- 22 में 5.80 लाख टन एल्यूमिनियम उत्पादन किया। जबकि 2021 में उत्पादन का आंकड़ा 5.68 लाख टन था।

हालांकि बालको की एल्यूमिनियम उत्पादन क्षमता 5.70 लाख टन सालाना है। बावजूद इसके खत्म हुए वित्तीय वर्ष मेंं कंपनी ने क्षमता से 10 हजार टन अधिक का उत्पादन दर्ज किया।

यहां बताना होगा कि बालको द्वारा स्मेल्टर संयंत्र का क्षमता विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए कंपनी को पर्यावरणीय स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।

प्रस्तावित एल्यूमिनियम स्मेल्टर विस्तार से बालको की उत्पादन क्षमता बढ़कर लगभग 10.85 लाख टन प्रति वर्ष हो जाएगी। क्षमता विस्तार की अनुमानित लागत 6 हजार 387 करोड़ रुपए है।

क्षमता विस्तार के बाद बालको दुनिया में एक ही स्थान पर 10 लाख टन एल्यूमिनियम उत्पादन करने वाला उद्योग बन जाएगा। स्मेल्टर संयंत्र के क्षमता विस्तार से सीधे तौर 1050 नए रोजगार का सृजन होगा तथा 4000 लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।

एल्यूमिनियम उत्पादन क्षमता के आधार पर वर्तमान में बालको पूरी दुनिया में 34वें स्थान पर है। प्रस्तावित विस्तार क्षमता के मूर्त रूप ले लेने से बालको का दुनिया में स्थान 14वां हो जाएगा।

उत्पादन क्षमता के आधार पर वर्तमान में बालको देश में दूसरे स्थान पर है। बालको के पास देश के बाजार का लगभग 22 फीसदी हिस्सा है।

क्षमता में वृद्धि से बालको ‘वन मिलियन टन क्लब’ में शामिल हो जाएगा। पहले स्थान पर वेदांता समूह की ही कंपनी है जिसके स्मेल्टर ओडीशा के झारसुगुड़ा में स्थित हैं।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

 

  • Website Designing