नई दिल्ली। IndustrialPunch : 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले 27 सितंबर रविवार को बैंक खोलने के फैसले को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं दिख रही है। वित्त मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB) को 27 सितंबर को सामान्य रूप से संचालित करने की घोषणा की है। भारतीय रिजर्व बैंक ने भी उस दिन बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को परिचालन की अनुमति दी है।
हालांकि, यूनाइटेड फोरम ऑफ वी बैंकर्स (UFWB/UFBU) की ओर से 24 सितंबर को जारी सलाह ने रविवार की बैंकिंग को लेकर नया पेच खड़ा कर दिया है। संगठन ने कर्मचारियों से कहा है कि केवल रविवार को शाखा खोलने की सूचना को व्यक्तिगत ड्यूटी आदेश न माना जाए। संगठन ने कर्मचारियों को सलाह दी है कि यदि रविवार को ड्यूटी के लिए बुलाया जाता है तो संबंधित लिखित ड्यूटी/ऑफिस ऑर्डर सुरक्षित रखा जाए।
यूनियन ने कहा—सिर्फ शाखा खोलने की सूचना पर्याप्त नहीं
यूनियन की सलाह में कहा गया है कि किसी कर्मचारी को रविवार को व्यक्तिगत रूप से ड्यूटी के लिए बुलाए जाने की स्थिति में आदेश की प्रति अपने पास रखनी चाहिए। आदेश में ड्यूटी की तारीख, रिपोर्टिंग समय, कार्य अवधि और संबंधित अधिकारी की जानकारी स्पष्ट होने की बात कही गई है।
संगठन ने 19 अक्टूबर 1966 के Bipartite Settlement के Para 14.14 का हवाला देते हुए कहा है कि रविवार या साप्ताहिक अवकाश के दिन किए गए वास्तविक कार्य के लिए निर्धारित ओवरटाइम प्रावधान लागू होते हैं। सलाह में कर्मचारियों को रविवार को किए गए वास्तविक कार्य का पूरा रिकॉर्ड रखने को भी कहा गया है।
रविवार को स्वैच्छिक काम के खिलाफ चेतावनी
UFBU की सलाह में कर्मचारियों से रविवार को बैंक खोलने की व्यवस्था का विरोध करने और केवल शाखा खोलने की सूचना के आधार पर स्वेच्छा से अतिरिक्त काम नहीं करने की अपील की गई है। संगठन ने यह भी कहा है कि यदि किसी कर्मचारी से रविवार को काम कराया जाता है तो उसके लिए उचित लिखित आदेश और काम का रिकॉर्ड महत्वपूर्ण रहेगा।
इसी बीच SBI ने 27 सितंबर को अपनी सभी शाखाएं खुले रखने की घोषणा की है, जबकि ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन ने अपने सदस्यों को उस दिन काम पर नहीं आने की सलाह दी है। इस वजह से अलग-अलग बैंकों और कर्मचारी संगठनों के निर्देशों को लेकर ग्राहकों के बीच भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल
UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल के प्रमुख मुद्दों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग शामिल है। 26 सितंबर चौथा शनिवार और 27 सितंबर रविवार होने के कारण बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की आशंका को देखते हुए सरकार ने 27 सितंबर को बैंक खोलने का फैसला किया है।
इस तरह सरकार की ओर से 27 सितंबर को PSB और RRB खोलने का निर्णय घोषित है, लेकिन कर्मचारी संगठनों की ओर से इसका विरोध और ड्यूटी आदेश को लेकर अलग रुख सामने आने से रविवार की वास्तविक शाखा-स्तरीय स्थिति पर नजर बनी हुई है।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









