चीन में बोइंग 737 विमान दुर्घटनाग्रस्त, 132 लोग थे सवार

चीन में एक सौ 33 यात्रियों को ले जा रहा बोइंग 737 विमान दक्षिण पश्चिम स्थित शहर के गुआंग्शी क्षेत्र के वूझोउ के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

दक्षिण चीन के गुआंग्शी ज़ुआंग स्वायत्त क्षेत्र में चीन की विमान सेवा चाइना ईस्टर्न का बोइंग 737 विमान दुर्घटनाग्रस्‍त हो गया है। विमान में 123 यात्री और चालक दल के नौ सदस्‍यों सहित कुल 132 लोग सवार थे। हताहतों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। विमान करीब साढ़े छह वर्ष से सक्रिय सेवा में था।

चीन के सरकारी मीडिया ने बताया कि विमान उड़ान संख्‍या- 5 7 3 5 दक्षिण पश्चिम चीन के युन्नान प्रांत के कुनमिंग चांगशुई हवाई अड्डे से एक बजकर 15 मिनट पर रवाना हुई। इसे तीन बजकर सात मिनट पर दक्षिण चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के ग्वांगझू हवाई अड्डे पहुंचना था। फिलहाल बचाव दल को तैनात कर दिया गया है।

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने विमान दुर्घटना के लिए आपातकालीन तंत्र को तत्काल सक्रिय करने का आदेश दिया है।

उड़ान ट्रैकिंग वेब साइटों के अनुसार विमान करीब एक घंटे से अधिक समय तक हवा में था और वुझोउ में नीचे जाने पर अपने गंतव्य के करीब था। सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए गए वीडियो में पहाड़ियों के चारों ओर फैला विमान का मलबा और दुर्घटनास्थल से आग की लपटें और धुआं उठता दिख रहा है। चीन के सरकारी मीडिया ने वीडियो को साझा किया है।

इस बीच, चीन के आधिकारिक मीडिया सूत्रों के अनुसार चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस द्वारा संचालित युन्नान प्रांत के कुनमिंग से सोमवार दोपहर को जाने वाली उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing