Sunday, November 8, 2026
Home Industrial (हिंदी) कोल कोल इंडिया चेयरमैन का कर्मचारियों को दिवाली संदेश – ‘जागो, जगाओ, मन...

कोल इंडिया चेयरमैन का कर्मचारियों को दिवाली संदेश – ‘जागो, जगाओ, मन मत बहलाओ, एक मसीहा तुम भी बन जाओ’

अपने संदेश में चेयरमैन ने कहा कि अक्टूबर के अंतिम दिनों में चक्रवाती बारिश जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद कोयला उत्पादन जारी रहा।

Advertisement

नई दिल्ली। IndustrialPunch : कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) के चेयरमैन बी. साईराम ने दिवाली के अवसर पर कंपनी के कर्मचारियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए उत्पादन बढ़ाने का बड़ा लक्ष्य सामने रखा है। उन्होंने अक्टूबर महीने में प्रतिदिन औसतन 21.69 लाख टन कोयला उत्पादन का उल्लेख करते हुए आने वाले समय में इसे बढ़ाकर 28.52 लाख टन प्रतिदिन तक पहुंचाने का आह्वान किया है।

अपने संदेश में चेयरमैन ने कहा कि अक्टूबर के अंतिम दिनों में चक्रवाती बारिश जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद कोयला उत्पादन जारी रहा। अब लक्ष्य निर्धारित स्तर तक उत्पादन बढ़ाने का है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन कोल इंडिया के पिछले प्रदर्शन को देखते हुए कंपनी की क्षमता पर कोई संदेह नहीं है।

उत्पादन और डिस्पैच बढ़ाने पर जोर

बी. साईराम ने अपने दिवाली संदेश में कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और जलवायु संबंधी चुनौतियों के बीच कोयला आधारित बिजली उत्पादन के लिए असाधारण प्रयासों की आवश्यकता है।

Advertisement

उन्होंने उल्लेख किया कि इस वर्ष बिजली की मांग में लगातार वृद्धि हुई है और बिजली उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 11 प्रतिशत अधिक रहा है। इसके बावजूद देश के करीब आधे पावर प्लांट्स में कोयले का स्टॉक क्रिटिकल स्तर पर पहुंचने की स्थिति बनी।

चेयरमैन ने कहा कि नवंबर में मौसम अनुकूल होने और बिजली की मांग में मौसमी कमी आने से कोयला कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने का अवसर मिला है। लेकिन अगला वित्त वर्ष शुरू होने से पहले पावर प्लांट्स का कोयला स्टॉक संतोषजनक स्तर तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए उत्पादन के साथ-साथ डिस्पैच का स्तर भी बढ़ाना होगा।

‘कोल वॉरियर्स’ के परिवारों के प्रति जताया आभार

चेयरमैन ने अपने संदेश में कोयला कर्मियों के परिवारों के योगदान को भी विशेष रूप से याद किया। उन्होंने कहा कि लंबी शिफ्टों और कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले कर्मचारियों के पीछे उनके परिवारों का मजबूत सहयोग रहता है।

उन्होंने कहा कि परिवारों का त्याग और समर्थन ही कर्मचारियों को कठिन चुनौतियों का सामना करने की शक्ति देता है। बी. साईराम ने कोल इंडिया परिवार के सभी सदस्यों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

उत्पादन और कंपनी की प्रतिष्ठा सर्वोच्च प्राथमिकता

बी. साईराम ने कर्मचारियों से कहा कि त्योहारों के बाद कोल इंडिया के लिए उत्पादन के मोर्चे पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ उतरने का समय है। वित्तीय वर्ष के अंत में एक अप्रैल की सुबह विजयी होकर निकलने के लिए कंपनी को अपने निर्धारित लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करना होगा।

उन्होंने कोयला कर्मियों से अपनी परंपरा को दोहराने, चुनौतियों का सामना करने और सामूहिक प्रयासों से सफल होने की अपील की।

अपने संदेश के अंत में उन्होंने प्रेरक पंक्तियों के माध्यम से कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया—

‘जागो, जगाओ, मन मत बहलाओ,
एक मसीहा तुम भी बन जाओ।’

कोल इंडिया चेयरमैन का यह संदेश स्पष्ट करता है कि कंपनी के सामने आने वाले महीनों में केवल उत्पादन बढ़ाने की नहीं, बल्कि बिजली संयंत्रों तक पर्याप्त कोयला पहुंचाने और अगले वित्त वर्ष के लिए मजबूत स्टॉक तैयार करने की भी बड़ी जिम्मेदारी है।

  • Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
  • industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here
Advertisement
1 अक्टूबर से बदलेंगे ये जरूरी नियम, आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर 1 अक्टूबर से बदलेंगे ये जरूरी नियम, आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर कोल इंडिया की 10 मेगा माइंस ने Q1 में बनाया रिकॉर्ड, SECL, NCL और MCL की खदानों का दबदबा भारत के सर्वाधिक कोयला भंडार वाले सात राज्यों के बारे में जानें: वित्तीय वर्ष 2025- 26 : कोल इंडिया लिमिटेड की टॉप- 10 खदान