कोरबा, 10 फरवरी। सुरक्षा के तमाम उपाय और प्रौद्योगिकियों के उपयोग के बावजूद कोयला खदानों (Coal Mines Accident) में दुर्घटनाओं के आंकड़े कम नहीं हो रहे हैं। 2025 में घातक यानी जानलेवा हादसे और मृत्यों के आंकड़ों में इजाफा हुआ है।
बजट सत्र के दौरान ने कोयला मंत्री द्वारा प्रस्तुत लिखित जानकारी के अनुसार 2025 में घातक दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हुई। 2025 में कोयला खदानों में 44 घातक दुर्घटनाएं हुईं। इसी तरह मौत के आंकड़ों में भी इजाफा हुआ है। 2025 में खदान में हुए हादसों में 54 लोगों की जान गई है। 2025 के अंतरिम आंकड़ों के अनुसार 118 की संख्या में गंभीर हादसे घटित हुए।
देखें वर्षवार घातक दुर्घटनाओं एवं मृत्यु की संख्या :
2021 : घातक दुर्घटना – 43, मृत्यु – 51
2022 : घातक दुर्घटना – 24, मृत्यु – 28
2023 : घातक दुर्घटना – 38, मृत्यु – 41
2024 : घातक दुर्घटना – 38, मृत्यु – 49
2025 : घातक दुर्घटना – 44, मृत्यु – 54
कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने बताया कि खानों में सुरक्षा के लिए निम्नलिखित प्रौद्योगिकियों का उपयोग किया जाता है :
- सुरक्षित और स्वच्छ प्रचालन के लिए कंटीन्यूअस माइनर्स (भूमिगत खानें), सरफेस माइनर्स और वर्टिकल रिपर्स (ओपनकास्ट खान) और हाई वॉल माइनिंग सहित विस्फोट-रहित और पर्यावरण के अनुकूल खनन विधियों को अपनाना।
- मशीनीकृत स्तर नियंत्रण प्रणालियां, जिसमें उन्नत रुफ ड्रिलिंग मशीनें जैसे क्वाड बोल्टर, ट्विन बोल्टर और यूनिवर्सल ड्रिलिंग मशीन (यूडीएम), रुफ बोल्टिंग एंकरिंग के लिए रेजिन कैप्सूल और उन्नत स्तर निगरानी उपकरण शामिल हैं।
- बेहतर सटीकता के लिए गैस क्रोमैटोग्राफ (जीसी) का उपयोग करके उन्नत खान वायु विश्लेषण।
- चुनिंदा यूजी खानों में पर्यावरण टेली-मॉनिटरिंग सिस्टम (ईटीएमएस) और लोकल मीथेन डिटेक्टरों के माध्यम से रियल-टाइम में खान वायु की निगरानी।
- डंप और बेंच स्थिरता का आकलन करने के लिए ओपनकास्ट खानों में ढलान निगरानी प्रणाली संस्थापित की गई है।
- जीपीएस-सक्षम वाहन ट्रैकिंग सिस्टम (वीटीएस), ऑपरेटर इंडिपेंडेंट ट्रक डिस्पैच सिस्टम (ओआईटीडीएस), और जियो-फेंसिंग के माध्यम से बढ़ी हुई परिवहन सुरक्षा।
- वीडियो-एनालिटिक्स-आधारित एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्रों (आईसीसीसी) के माध्यम से रियल-टाइम सुरक्षा निगरानी।
- आधुनिक प्रशिक्षण, जिसमें एचईएमएम ऑपरेटरों के लिए सिम्युलेटर-आधारित प्रशिक्षण और वीआर-आधारित सुरक्षा प्रशिक्षण शामिल हैं।
- धूल नियंत्रण के उन्नत उपाय, जैसे फोग कैनन, मिस्ट स्प्रे सिस्टम, व्हील वॉशिंग और मैकिनिकल स्वीपर।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









