धनबाद, 23 अगस्त। भारतीय मजदूर संघ (BMS) से सम्बद्ध धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ ने आयोजित एक समारोह में बीसीसीएल (BCCL) के सीएमडी समीरन दत्ता एवं निदेशक (तकनीकी- योजना एवं परियोजना) मनोज कुमार अग्रवाल का सम्मान किया।
यहां बताना होगा कि समीरन दत्ता सीएमडी पद से 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। निदेशक (तकनीकी- योजना एवं परियोजना) मनोज कुमार अग्रवाल एक सितम्बर को बीसीसीएल का सीएमडी पद ज्वाइन करेंगे। इसी परिप्रेक्ष्य मेंं धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ ने सम्मान समारोह आयोजित किया था। समारोह में निदेशक (तकनीकी- संचालन) ओपी संजय सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया और निदेशक (वित्त) राकेश कुमार सहाय भी उपस्थित रहे।
समारोह का संचालन संघ के महामंत्री उमेश कुमार सिंह ने किया और अध्यक्षता मुरारी तांती ने की। मंच पर उपस्थित सभी निदेशक मंडल का पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीसीसीएल सीएमडी समीरन दत्ता ने कहा कि भामसंघ की कार्य पद्धति अन्य सभी श्रमिक संगठनों से बिल्कुल अलग है और यही कारण है कि यह संगठन शून्य से शिखर तक पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि बीसीसीएल प्रबंधन ने सभी महाप्रबंधकों और उनकी टीमों को सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए उत्पादन और डिस्पैच की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यालय स्तर पर लंबित मामलों जैसे उम्र विवाद, नियोजन और औद्योगिक समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के अलावा अन्य श्रमिक संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी के.के. सिंह, धर्मजीत चौधरी, माधव सिंह, प्रभात रंजन, ओम कुमार सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्ष, सचिव और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









