नई दिल्ली, 20 अक्टूबर। सरकार ने विश्वास व्यक्त किया है कि दालों और प्याज के दाम वर्तमान त्योहारी मौसम में नहीं बढ़ेंगे। नई दिल्ली में संवादाताओं को जानकारी देते हुए उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने बताया कि देश में दालों और प्याज का पर्याप्त भंडार है।

उन्होंने कहा कि केंद्र मूल्य की स्थिति, उत्पादन, आयात, निर्यात और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर पैनी नजर रखे हुए है।

उपभोक्ता कार्य सचिव ने बताया कि 43 लाख मीट्रिक टन से अधिक दालों और ढाई लाख मीट्रिक टन से अधिक प्याज सुरक्षित भंडार में हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मूल्य वृद्धि पर काबू पाने के लिए राष्ट्रीय प्याज सुरक्षित भंडार में से 54 हजार टन प्याज 14 राज्य़ों और केंद्र शासित प्रदेशों को दिए गए हैं।

उपभोक्ता मामलों के सचिव ने यह भी बताया कि केंद्र विभिन्न कल्याण योजनाओं के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कम दर पर दालें दे रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र ने आयातित तूर दाल के एक लाख मीट्रिक टन और आयातित उड़द के 50 हजार टन की खरीद शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing