कोरबा, 15 मई। शुक्रवार को एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में हिंद मजदूर सभा (HMS) का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। कोल इंडिया का वेतन समझौता, लेबर कोड जैसे कई मुद्दों को सम्मेलन में उठाया गया और संगठन को मजबूती प्रदान करने पर जोर दिया गया।
सम्मेलन में हिंद मजदूर सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष द्वय शिवकुमार यादव, सिध्दार्थ गौतम, हिंद खदान मजदूर फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेशमलाल यादव, कोल इंडिया सेफ्टी बोर्ड सदस्य जावेद उस्मानी जी, केएमपी के केन्द्रीय महामंत्री विनय सिंह, हरी यादव की प्रमुख तौर पर उपस्थिति हुई।
शिवकुमार यादव ने 12वें वेतन समझौता और चार लेबर कोड का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कोयला कामगारों का अहित किसी भी स्थिति में नहीं होने दिया जाएगा। एचएमएस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का मंत्र देते हुए संगठन की मजबूती पर खासा जोर दिया।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में हम सभी की बराबर की जिम्मेदारी है। यदि किसी के पद छोड़ने से संगठन का हित होता है, तो सबसे पहले पद छोड़ने के लिए मैं स्वयं तैयार रहूंगा। उन्होंने बताया कि सीसीएल और बीसीसीएल जैसी बड़ी सब्सिडियरी में उन्होंने किसी भी बोर्ड या कमेटी में पद नहीं लिया, क्योंकि उनका एकमात्र उद्देश्य पूरे कोल इंडिया में एचएमएस की सदस्य संख्या को लगातार बढ़ाना और संगठन को मजबूत बनाना रहा है। उन्होंने संगठन के वर्तमान हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जब सोशल मीडिया या अखबारों में संगठन के आंतरिक विषयों की चर्चा होती है, तो मन बेहद व्यथित हो जाता है।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि संगठनात्मक विषयों को सार्वजनिक मंचों से दूर रखना चाहिए, ताकि संगठन की गरिमा और प्रतिष्ठा बनी रहे। सिद्धार्थ गौतम ने सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ पदाधिकारियों से हाथ जोड़कर आग्रह किया कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी को एक-दूसरे की ओर कदम बढ़ाना होगा। जब सभी मिलकर संगठन हित में कार्य करेंगे, तभी एचएमएस 51 प्रतिशत सदस्यता प्राप्त कर सिंगल यूनियन बारगेनिंग काउंसिल बनाने का गौरव हासिल करेगी। सम्मेलन को रेशमलाल यादव ने भी संबोधित किया।
सम्मेलन में कोयला मजदूर सभा एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के सचिव एससी मंसूरी, अनिरुद्ध सिंह, एचडी मानिकपुरी, अनुज राम, मकसूद, सुशील श्रिवास, रविन्द्र, अनंत सिंह, मनिष सिंह, देवेश राठोर, तरुण सिन्हा, अमृतलाल चन्दा, जी उड्डयन, राजकुमार राठोड़, एसडी तिवारी, फैयाज अंसारी, जीत सिंह, ललित राठोड़, मनमित सिंह, शैलेन्द्र तिवारी, मिलन पांडे, जनार्दन यादवजी, राजू राजभर, सोहन लाल, विजय गुप्ता, राहत साहू, ओपी यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









