रायपुर। IndustrialPunch : 03 नवंबर 2026 को रायपुर, छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी जी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर राज्य में कोयला खनन, खनन परियोजनाओं के सुचारु संचालन एवं विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
बैठक में एसईसीएल एवं राज्य शासन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा खनन परियोजनाओं के क्रियान्वयन, आधारभूत संरचना के विकास एवं विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव विकास शील, कोयला मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव सनोज कुमार झा, छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष बी. साईराम, एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं संचालक, भौमिकी तथा खनिकर्म रजत बंसल सहित कोयला मंत्रालय एवं राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं संचालक, भौमिकी तथा खनिकर्म रजत बंसल ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा, खनन गतिविधियों तथा संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी।
रायपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री रेड्डी ने माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर (MDO) सहित कोयला क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों (Stakeholders) के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान खनन गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों एवं परिचालन संबंधी चुनौतियों की समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने सभी हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय, सामूहिक प्रयासों एवं साझा जिम्मेदारी के माध्यम से कोयला क्षेत्र की कार्यकुशलता बढ़ाने तथा देश की ऊर्जा सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
इस बैठक में कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष बी. साईराम, एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी) संचालन रमेश चंद्र महापात्र एवं निदेशक (तकनीकी) योजना/परियोजना नृपेंद्र नाथ सहित विभिन्न हितधारकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इससे पूर्व दिन की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री श्री रेड्डी ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक कर कोयला परिवहन एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की तथा निर्बाध, समयबद्ध एवं कुशल कोयला परिवहन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इसके पश्चात उन्होंने एनआईटी रायपुर के 17वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया तथा संस्थान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्रिटिकल मिनरल्स, अंतरिक्ष अनुसंधान एवं अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों से संबंधित सात उत्कृष्टता केंद्रों (Centres of Excellence) का उद्घाटन किया। ये केंद्र तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ देश के खनन एवं खनिज क्षेत्र में नई संभावनाओं के विकास में सहायक होंगे।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here









